Homeछत्तीसगढ़सीएम साय को भूपेश की खुली चुनौती: मेरे पास भी पत्र, आपके...

सीएम साय को भूपेश की खुली चुनौती: मेरे पास भी पत्र, आपके पास भी… सामने आकर बहस करिए

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना और हसदेव अरण्य सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को खुली बहस की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के पास भी पत्र हैं और उनके पास भी दस्तावेज हैं। ऐसे में दोनों को सामने बैठकर बहस करनी चाहिए।

शुक्रवार को भूपेश बघेल भिलाई में गणेश उत्सव के दौरान विभिन्न गणेश पंडालों में पहुंचे। पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में प्रदेश सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा।

पीएम आवास के मुद्दे पर सरकार को घेरा

बघेल ने प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर कहा कि राज्य सरकार अब तक इस मामले में अफवाह फैलाती रही है। उन्होंने रायपुर प्रेस क्लब में डिप्टी सीएम विजय शर्मा के साथ हुई बहस का जिक्र करते हुए दावा किया कि बहस के बाद सरकार के दावों की सच्चाई सामने आ गई है। उन्होंने भाजपा सरकार पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।

हसदेव और कोल ब्लॉक पर भी सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री ने हसदेव अरण्य और तारा कोल ब्लॉक के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। बघेल ने दावा किया कि 11 दिसंबर 2025 को मुख्यमंत्री की ओर से पत्र भेजे जाने के बाद कोल ब्लॉक की नीलामी की प्रक्रिया आगे बढ़ी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में कोल ब्लॉक की नीलामी पर रोक लगाई गई थी और 40 खदानों को नीलामी से बाहर किया गया था।

बघेल ने राज्य सरकार पर अडानी समूह के हित में काम करने का आरोप भी लगाया। हालांकि इन आरोपों पर सरकार या संबंधित पक्ष का पक्ष इस बयान में सामने नहीं आया है।

बघेल ने मुख्यमंत्री साय को चुनौती देते हुए कहा, “मुख्यमंत्री जी, आपमें हिम्मत है तो सामने आकर बहस करिए। आपके पास भी पत्र है और मेरे पास भी पत्र है।”

सीएम पद के दावेदारों पर बोले- अभी चुनाव दूर

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के उस बयान पर, जिसमें मुख्यमंत्री पद के चार दावेदारों की चर्चा की गई थी, बघेल ने कहा कि विधानसभा चुनाव अभी काफी दूर हैं। इसलिए इस मुद्दे पर अभी चर्चा करना जल्दबाजी होगी।

लोकल ट्रेनों के स्टॉपेज का मुद्दा भी उठाया

बघेल ने सी केबिन, जी केबिन और डी केबिन में लोकल ट्रेनों के स्टॉपेज बंद किए जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों के सैकड़ों लोग रोजाना रोजगार के लिए रायपुर, दुर्ग और भिलाई के बीच लोकल ट्रेन से आवागमन करते थे। लोकल ट्रेन उनके लिए आवागमन का महत्वपूर्ण साधन थी।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में डीआरएम को पत्र लिखा गया है और संबंधित स्टेशनों पर लोकल ट्रेन के स्टॉपेज बहाल करने की मांग की गई है। बघेल ने कहा कि रेल मंत्री के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान रेल सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन भी किया जाएगा।

गौरतलब है कि मंगलवार को भूपेश बघेल ने रायपुर प्रेस क्लब में पीएम आवास योजना के आंकड़ों को लेकर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के साथ खुली बहस की थी। इसके बाद अब बघेल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को भी सार्वजनिक बहस की चुनौती दी है।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments