रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में मुख्य आरोपी और कथित किंगपिन सौरभ चंद्राकर को गुरुवार को सीबीआई की टीम रायपुर की विशेष अदालत लेकर पहुंची। सीबीआई की आठ दिन की कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद आज उसकी अदालत में पेशी हो रही है। अब इस बात पर सबकी नजरें टिकी हैं कि अदालत सौरभ को आगे किस जांच एजेंसी की हिरासत में सौंपती है।
जानकारी के मुताबिक, सीबीआई ने सौरभ चंद्राकर से दिल्ली में आठ दिनों तक पूछताछ की है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि पूछताछ के दौरान महादेव सट्टा ऐप के संचालन, आर्थिक लेनदेन, हवाला नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। हालांकि, इन कथित खुलासों की आधिकारिक पुष्टि अभी जांच एजेंसी की ओर से नहीं की गई है।

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में 30 मार्च 2022 को दुर्ग के मोहन नगर थाने में पहली FIR दर्ज हुई थी। इसके बाद ED ने 6 अक्टूबर 2022 को मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच शुरू की।मामले में सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल को मुख्य आरोपियों के तौर पर चिन्हित किया गया। CBI ने 18 दिसंबर 2024 को इस मामले में केस दर्ज किया था।जांच में ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, बैंक खातों और हवाला के जरिए रकम के लेनदेन की पड़ताल की जा रही है।
CBI दोबारा रिमांड मांग सकती है
आज की पेशी में सीबीआई आगे की पूछताछ के लिए सौरभ चंद्राकर की रिमांड अवधि बढ़ाने की मांग करती है या नही । जांच एजेंसी का प्रयास होगा कि सट्टा नेटवर्क से जुड़े आर्थिक लेनदेन और अन्य कड़ियों की गहराई से पड़ताल की जा सके।
CBI के बाद ED की एंट्री संभव
इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो गई है। यदि सीबीआई आगे की रिमांड नहीं मांगती है या अदालत से उसे अतिरिक्त हिरासत नहीं मिलती, तो ईडी अपने गिरफ्तारी वारंट को लागू कराने और सौरभ को हिरासत में लेकर पूछताछ करने के लिए अदालत में आवेदन कर सकती है।
गौरतलब है कि पिछली पेशी के दौरान भी ईडी ने सौरभ की हिरासत की मांग को लेकर अदालत में आवेदन दिया था, लेकिन उस समय सीबीआई की रिमांड जारी होने के कारण ईडी का आवेदन समय से पहले माना गया था।
अब आज की सुनवाई से तय होगा कि सौरभ चंद्राकर से आगे पूछताछ सीबीआई करेगी या ईडी को मौका मिलेगा। महादेव सट्टा ऐप के कथित नेटवर्क से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब इस पेशी के बाद सामने आने की उम्मीद है।

