13 अक्टूबर से जारी पटवारियों की हड़ताल के बीच प्रशासन सख्त, 138 पटवारियों पर ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई, महेंद्रगढ़ में 15 पटवारियों को भी जारी हुआ आदेश
जशपुर-मनेद्रगढ़:-छत्तीसगढ़ में अपनी मांगों को लेकर 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे पटवारियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। जशपुर और महेंद्रगढ़ जिले में प्रशासनिक कार्रवाई से राजस्व विभाग में हलचल मच गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, जशपुर जिले में 12 पटवारियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि 138 पटवारियों के खिलाफ ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई की गई है। वहीं महेंद्रगढ़ जिले में भी 15 पटवारियों के विरुद्ध ब्रेक इन सर्विस का आदेश जारी किया गया है।
बताया जा रहा है कि हड़ताल शुरू होने से पहले भी 6 पटवारियों को निलंबित किया गया था। लगातार हो रही कार्रवाई से हड़ताल पर बैठे पटवारियों के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है।
प्रशासन की ओर से बताया जा रहा है कि हड़ताल के कारण किसानों और आम नागरिकों से जुड़े राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसी को देखते हुए अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ सेवा नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पटवारियों की हड़ताल और प्रशासन की कार्रवाई के बीच अब टकराव बढ़ता नजर आ रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन की सख्ती के बाद पटवारी काम पर लौटेंगे या आंदोलन और लंबा खिंचेगा?

