Homeछत्तीसगढ़किश्तवाड़ में दो लापता SPO के शव बरामद, आतंकियों ने गोली मारकर...

किश्तवाड़ में दो लापता SPO के शव बरामद, आतंकियों ने गोली मारकर की हत्या

जंगल में मिले दोनों पुलिसकर्मियों के शव, शरीर पर गोलियों के कई निशान; अपहरण और हत्या में शामिल आतंकियों की तलाश में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में आतंकियों की कायराना करतूत सामने आई है। बुधवार से लापता दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के शव गुरुवार को दच्छन इलाके के घने जंगलों से बरामद किए गए। दोनों के शरीर पर गोलियों के कई निशान मिले हैं। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं और आतंकियों की तलाश में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, दच्छन के कियार गांव में स्थानीय पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) में तैनात बाबी चंद (57) और रशपाल कुमार (45) बुधवार को अचानक लापता हो गए थे। दोनों अपने कैंप से धरना-मरवाह स्थित सेना की एक चौकी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनसे संपर्क टूट गया। बाद में उनके मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ मिले।

लापता होने के बाद शुरू हुई थी तलाश

दोनों पुलिसकर्मियों के लापता होने की सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों और पुलिस ने ऊंचे पहाड़ी तथा दुर्गम जंगली इलाकों में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया था। तलाशी अभियान में विशेष टीमों के साथ ड्रोन और खोजी कुत्तों की भी मदद ली गई।

लापता होने की जगह से दो किलोमीटर दूर मिले शव

गुरुवार को तलाशी के दौरान दच्छन के जंगलों में दोनों SPO के शव बरामद हुए। सूत्रों के मुताबिक, शव उस स्थान से करीब दो किलोमीटर दूर मिले, जहां से दोनों लापता हुए थे। दोनों के शरीर पर गोलियों के कई निशान पाए गए हैं।

आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन तेज

इस वारदात के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में निगरानी और तलाशी अभियान तेज कर दिया है। अपहरण और हत्या में शामिल आतंकियों का पता लगाने के लिए जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments