आदित्य विद्या मंदिर बैकुंठ में एक दिवसीय STEM रोबो हब वर्कशॉप का आयोजन
तिल्दा नेवरा -विद्यार्थियों को आधुनिक एवं भविष्य की तकनीकों से परिचित कराने के उद्देश्य से आदित्य विद्या मंदिर स्कूल, बैकुंठ में एक दिवसीय STEM रोबो हब वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) और 3D प्रिंटिंग की तकनीक के बारे में जानकारी देने के साथ ही प्रायोगिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

वर्कशॉप के दौरान विद्यार्थियों ने रोबोटिक्स की कार्यप्रणाली को समझने के साथ स्वयं रोबोट का संचालन किया। वहीं IoT तकनीक और 3D प्रिंटिंग के उपयोग एवं इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी भी प्राप्त की। आधुनिक तकनीक को करीब से समझने और प्रैक्टिकल अनुभव मिलने से विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में तिल्दा नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला वर्मा, जिला पंचायत सभापति प्रतिनिधि महेंद्र साहू, स्थानीय सरपंच श्रीमती योगिता कृष्ण वर्मा सहित पंचगण उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए आयोजित इस कार्यशाला की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और नवाचार की भावना विकसित होती है।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर पवन कुमार साहू, प्राचार्य हरप्रीत कौर, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों के कौशल विकास के लिए भविष्य में भी इस तरह के तकनीकी कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

