अस्ताचलगामी सूर्य को व्रतियों ने दिया प्रथम अर्घ्य, छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक गीतों से गूंजे घाट; आज उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा चार दिवसीय महापर्व का समापन
तिल्दा-नेवरा। लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना के महापर्व छठ की छटा रविवार को तिल्दा-नेवरा में देखते ही बनी। चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन कार्तिक शुक्ल षष्ठी पर व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को विधि-विधान के साथ प्रथम अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान तिल्दा बस्ती स्थित बन्नू बाई तालाब छठ घाट सहित विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरा वातावरण छठी मैया के जयकारों, पारंपरिक लोकगीतों और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
छठ पूजा को लेकर सुबह से ही घरों में तैयारियां शुरू हो गई थीं। व्रती महिलाओं ने पूजा के लिए ठेकुआ, फल, नारियल, गन्ना और अन्य प्रसाद सामग्री तैयार की। बांस के सूप और दउरा में पूजन सामग्री सजाकर परिवार के सदस्यों के साथ शाम होते ही श्रद्धालु छठ घाटों की ओर रवाना होने लगे। सूर्यास्त से पहले घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट गई। व्रती महिलाएं जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए सूर्यास्त का इंतजार करती रहीं।

जैसे ही सूर्य अस्त होने लगा, व्रतियों ने जल में खड़े होकर भगवान भास्कर को दूध और जल से अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान भगवान सूर्य और छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई। घाटों पर महिलाओं के समूह पारंपरिक छठ गीत गाते नजर आए, वहीं परिवार के सदस्य पूजा सामग्री और अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग करते रहे। सूर्य की अंतिम किरणों के बीच जल में खड़े होकर अर्घ्य देने का अद्भुत दृश्य श्रद्धा और आस्था का जीवंत उदाहरण बना।
छतों पर भी सजे अस्थायी छठ घाट
तालाब और घाटों पर भीड़ को देखते हुए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपने घरों की छतों पर भी छठ पूजा की व्यवस्था की। अपार्टमेंट और मकानों की छतों पर अस्थायी एवं कृत्रिम जलकुंड बनाकर व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। इससे स्पष्ट हुआ कि छठ महापर्व केवल घाटों तक सीमित नहीं, बल्कि हर घर में आस्था और परंपरा के रूप में जीवंत है।
खरना के बाद शुरू हुआ था 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत
छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार, 14 नवंबर को खरना का अनुष्ठान संपन्न हुआ था। इस दिन व्रती महिलाओं ने दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना की। गुड़ की खीर और गेहूं के आटे से बनी रोटी का पारंपरिक प्रसाद तैयार कर भोग लगाया गया। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रतियों ने लगभग 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का संकल्प लिया। इस दौरान अन्न और जल का त्याग कर पूरी श्रद्धा, निष्ठा और आत्मसंयम के साथ सूर्य उपासना की जाती है।
आज उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा व्रत का पारण
महापर्व के अंतिम दिन सोमवार की सुबह व्रती महिलाएं एक बार फिर छठ घाटों पर पहुंचेंगी और उदीयमान सूर्य को प्रातःकालीन अर्घ्य अर्पित करेंगी। इसके साथ ही चार दिनों तक चलने वाली सूर्य उपासना और छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा। उषा अर्घ्य के बाद व्रती महिलाएं पारण कर अपना कठिन निर्जला व्रत खोलेंगी।
आस्था और मन्नतों से जुड़ा है छठ का व्रत
छठ पूजा में शामिल निर्मला शर्मा ने बताया कि छठी मैया के व्रत से श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। यह व्रत काफी कठिन है, इसलिए वह स्वयं व्रत तो नहीं रखतीं, लेकिन पूजा-अर्चना में हर साल शामिल होती हैं।
वहीं सुमित्रा बिहारी ने बताया कि वह शादी के बाद से लगातार छठी मैया का व्रत रखती आ रही हैं। उन्होंने अपना पहला व्रत मायके में शुरू किया था। उन्होंने बताया कि छठी मैया से जो मन्नत मांगी थी, वह पूरी हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद उनकी आस्था और विश्वास के चलते वह आज भी पूरी निष्ठा से व्रत करती हैं।
ममता बिहारी ने बताया कि सोमवार सुबह भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के बाद उनके कठिन निर्जला व्रत का पारण होगा। उनके अनुसार छठ पूजा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि परिवार की सुख-शांति, संतान की खुशहाली और भगवान सूर्य के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का महापर्व है

