Homeछत्तीसगढ़महादेव सट्टा ऐप पर CBI का बड़ा प्रहार, 6 राज्यों में 33...

महादेव सट्टा ऐप पर CBI का बड़ा प्रहार, 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी; हवाला नेटवर्क का खुलासा

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने देशभर में फैले सट्टा नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी की है। कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर लाइव सट्टा और जुए के पैनल संचालित होते मिले, जिन्हें मौके पर ही बंद करा दिया गया। जांच एजेंसी ने मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में दूसरे लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर सट्टे की रकम जमा करने और फिर हवाला के जरिए विदेश भेजने का खुलासा हुआ है।

ED के अधिकारी सौरभ चंद्राकर को ऑफिस ले जाते हुए।

CBI के मुताबिक, यह कार्रवाई महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिली जानकारियों के आधार पर की गई। सौरभ को 1 नवंबर 2026 को ओमान से भारत लाया गया था। गिरफ्तारी के बाद रायपुर की विशेष अदालत से आठ दिन की पुलिस रिमांड मिलने पर उससे पूछताछ की गई। पूछताछ में ऐप के संचालन और देशभर में फैले पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारियां सामने आईं।

13 शहरों में फैला था सट्टा नेटवर्क

CBI की कार्रवाई छत्तीसगढ़ के रायपुर और दुर्ग के अलावा अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर में की गई। जांच में सामने आया कि विदेश में बैठे लोगों के इशारे पर भारत में बड़े स्तर पर सट्टा पैनल संचालित किए जा रहे थे। ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी बनाकर उनसे सट्टे की रकम वसूलते थे।

दूसरों के बैंक खातों से होता था करोड़ों का लेन-देन

जांच एजेंसी के अनुसार, सट्टे से प्राप्त रकम ऐसे बैंक खातों में जमा कराई जाती थी, जो दूसरे लोगों के नाम पर खुलवाए गए थे या किराए पर लिए गए थे। इसके बाद हवाला नेटवर्क के माध्यम से रकम विदेश भेजी जाती थी। इस पूरे नेटवर्क के पीछे विदेश में बैठे संचालकों की भूमिका की जांच की जा रही है।

CBI के बाद अब ED की गिरफ्त में सौरभ

CBI की आठ दिन की पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद सौरभ चंद्राकर को 12 नवंबर को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया गया था। अदालत ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था। इसके बाद शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उसे गिरफ्तार कर सात दिनों की कस्टोडियल रिमांड पर लिया है। अब ED उससे मनी लॉन्ड्रिंग और सट्टे की रकम के लेन-देन को लेकर पूछताछ कर रही है।

विदेश में बैठे आरोपियों की भूमिका भी जांच के दायरे में

CBI ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने महादेव ऑनलाइन बुक मामले की जांच एजेंसी को सौंपी थी, जिसके बाद दो FIR दर्ज की गईं। अब जांच का दायरा बढ़ाते हुए विदेश में बैठे आरोपियों, सट्टा नेटवर्क को संचालित करने में मदद करने वालों और संबंधित सरकारी कर्मचारियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। फरार आरोपियों को भारत लाने के लिए अन्य देशों के साथ कानूनी प्रक्रिया भी जारी है।

बैंक खाता और सिम देने वालों को चेतावनी

जांच एजेंसी ने आम लोगों को चेतावनी दी है कि ऑनलाइन सट्टा और जुआ गैरकानूनी गतिविधियां हैं। किसी दूसरे व्यक्ति को सट्टेबाजी के लिए अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराना भी कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है। ऐसे मामलों में खाताधारक और संबंधित व्यक्ति भी जांच के दायरे में आ सकते हैं।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments