काजीरंगा में मिनी बस के उड़े परखच्चे, गैस कटर से काटकर निकाले गए शव, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख
असम। काजीरंगा में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में 26 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के अलावा महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं।
हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद मिनी बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कई यात्री बस के मलबे में बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए बस को काटकर अंदर फंसे यात्रियों के शवों को बाहर निकाला।

असम सरकार के मंत्री एवं बोकाखाट विधायक अतुल बोरा ने हादसे में 26 लोगों की मौत की जानकारी दी है। गोलाघाट के एसएसपी स्वप्निल डेका ने पीटीआई को बताया कि मिनी बस बोकाखाट से नगांव की ओर जा रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया, गंभीर मरीज रेफर
हादसे में घायल यात्रियों को तत्काल कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
गाड़ी के पहले ही कट चुके थे 12 चालान
हादसे में शामिल वाहन को लेकर एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, संबंधित गाड़ी के पहले 12 चालान कट चुके थे। इनमें से 38,500 रुपये का जुर्माना जमा किया जा चुका था, जबकि 4,000 रुपये का एक चालान अब भी बकाया था। बताया गया है कि कमर्शियल वाहनों की ओवरस्पीडिंग पर यह जुर्माना लगाया जाता है।
पांच साल में सड़क हादसों ने ली 15 हजार से अधिक जानें
असम में सड़क दुर्घटनाओं का आंकड़ा भी बेहद चिंताजनक है। केंद्र सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2020 से 2024 के बीच राज्य में सड़क हादसों में 15,306 लोगों की मौत हुई। इनमें वर्ष 2024 में सर्वाधिक 3,351 लोगों की जान गई। वहीं 2023 में 3,296 और 2022 में 2,994 लोगों की मौत दर्ज की गई।
इस दर्दनाक हादसे पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने गहरा शोक व्यक्त किया है। लगातार बढ़ते सड़क हादसे एक बार फिर तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।

