Homeछत्तीसगढ़प्रेम प्रसंग की आग में बुझ गई एक युवक की जिंदगी! कुल्हाड़ी...

प्रेम प्रसंग की आग में बुझ गई एक युवक की जिंदगी! कुल्हाड़ी से वार कर हत्या, शव को लोहे के पोल से बांध तालाब में फेंका

पत्नी से प्रेम संबंध को लेकर पति था नाराज, रास्ते से हटाने रची खौफनाक साजिश; भेड़ चराने निकला पुरुषोत्तम फिर कभी घर नहीं लौटा

तिल्दा-नेवरा। प्रेम संबंध, पति-पत्नी के बीच विवाद और फिर एक युवक की बेरहमी से हत्या! रिश्तों में पनपी नफरत ने एक ऐसी खौफनाक वारदात को जन्म दिया, जिसने पूरे गांव को दहला दिया। जिस युवक की तलाश में परिजन रातभर परेशान होते रहे, रविवार सुबह उसका शव गांव के तालाब में तैरता मिला। शव को खेत में इस्तेमाल होने वाले लोहे के पोल से बांधा गया था, ताकि वह पानी के भीतर ही रहे और किसी को इस हत्याकांड की भनक तक न लगे। लेकिन अपराध छिपाने की यह कोशिश नाकाम रही और रविवार सुबह इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश हो गया।

मामला तिल्दा थाना क्षेत्र के ग्राम बेमता का है। मृतक की पहचान गांव के ही पुरुषोत्तम पाल के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हत्याकांड के पीछे मृतक का एक महिला से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। महिला का पति इस संबंध से नाराज था। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक मामले का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है।

मंजनी तालाब में तैरता मिला शव, लोहे के पोल से बंधा था शरीर

मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह ग्राम बेमता के मंजनी तालाब में ग्रामीणों ने एक युवक का शव पानी में तैरते देखा। देखते ही देखते तालाब के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। जब शव की पहचान हुई तो पता चला कि वह गांव के पुरुषोत्तम पाल का है। शव को खेतों में लगाए जाने वाले लोहे के पोल से बांधा गया था। इस दृश्य को देखकर ग्रामीण भी स्तब्ध रह गए।

प्रेम संबंध बना विवाद की वजह, दो महीने से मायके में रह रही थी पत्नी

बताया जाता है कि पुरुषोत्तम पाल के पिता धनेश पाल भेड़ चराने का काम करते हैं और किसानों के खेतों में भेड़ चराने का ठेका लेते हैं। इसी दौरान पुरुषोत्तम का गांव के ही राजू यादव की पत्नी के साथ प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। इस संबंध को लेकर राजू और उसकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। बताया जा रहा है कि करीब दो महीने पहले राजू की पत्नी उसे छोड़कर मायके चली गई थी। इसी बात को लेकर पति के मन में नाराजगी और रंजिश बढ़ती चली गई।

भेड़ चराने निकला पुरुषोत्तम, फिर घर नहीं लौटा

शनिवार को पुरुषोत्तम रोज की तरह भेड़ चराने के लिए घर से निकला था। परिजनों को उम्मीद थी कि वह शाम तक वापस लौट आएगा, लेकिन देर रात तक उसका कोई पता नहीं चला। परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। जब कहीं कोई सुराग नहीं मिला तो एआई की मदद से उसका पोस्टर तैयार कराया गया और सोशल मीडिया तथा व्हाट्सएप के माध्यम से उसके लापता होने की सूचना साझा की गई। परिजन उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन रविवार सुबह मिली खबर ने परिवार की उम्मीदों को मातम में बदल दिया।

कुल्हाड़ी से हमला, फिर शव को घसीटकर तालाब तक ले जाने का आरोप

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस की जांच में राजू यादव पर संदेह गहराया। पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया कि राजू ने मंडला से एक युवक को बुलाया था। आरोप है कि इसी युवक के माध्यम से पुरुषोत्तम की हत्या की साजिश को अंजाम दिया गया।

बताया जा रहा है कि शनिवार को पुरुषोत्तम पर कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को घसीटते हुए लखन चक्रधारी के ईंट भट्ठे के पास ले जाया गया। वहां खेत में लगे लोहे के पोल को निकालकर शव से बांधा गया और फिर मंजनी तालाब में फेंक दिया गया। माना जा रहा है कि शव को पानी में डुबोकर रखने के उद्देश्य से पोल बांधा गया था, ताकि हत्या का राज छिपा रहे।

एक परिवार की खुशियां उजड़ीं, गांव में पसरा मातम

जिस पुरुषोत्तम को परिजन शनिवार शाम तक घर लौटने की राह देख रहे थे, रविवार सुबह उसका शव देखकर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस घर में उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। एक कथित प्रेम संबंध की रंजिश ने एक युवक की जिंदगी छीन ली और उसके परिवार को कभी न भरने वाला दर्द दे दिया।

फिलहाल पुलिस ने एक आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है और राजू यादव से भी पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले की सभी कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। हत्याकांड में किसकी क्या भूमिका रही और हत्या की साजिश किस तरह रची गई, इसका खुलासा पुलिस की आधिकारिक जानकारी के बाद ही हो सकेगा.

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments