रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पत्रकारों के प्रतिष्ठित रायपुर प्रेस क्लब में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। सदस्यता नहीं मिलने से नाराज एक युवक ने कथित तौर पर पिस्टल से गोली चला दी। इससे प्रेस क्लब परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पलाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पूरा मामला रायपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि प्रेस क्लब की सदस्यता नहीं मिलने से नाराज पलाश तिवारी ने इस वारदात को अंजाम दिया। फायरिंग से पहले आरोपी ने प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष और कार्यालय सचिव पर भी पिस्टल तान दी थी। इसके बाद गोली चलने की घटना से वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
प्रेस क्लब की शिकायत पर FIR, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रेस क्लब की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दिनदहाड़े प्रेस क्लब परिसर में हथियार लेकर पहुंचने और फायरिंग किए जाने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

