दुलदुला क्षेत्र में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, धान से भरी गाड़ी पकड़ी; मंडी निरीक्षक को प्रकरण तैयार करने के निर्देश
जशपुर। छत्तीसगढ़ में सरकार द्वारा 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू करने के ऐलान के बाद दूसरे राज्यों से धान लाकर खपाने की कोशिशें तेज होने लगी हैं। धान खरीदी का फायदा उठाने के उद्देश्य से सक्रिय दलालों पर प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। इसी बीच जशपुर जिले के दुलदुला क्षेत्र में झारखंड से अवैध रूप से धान का परिवहन करते हुए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, झारखंड से धान लेकर आ रहे एक वाहन को दुलदुला क्षेत्र में पकड़ा गया है। बताया जा रहा है कि धान से भरी यह गाड़ी कुकडीग से धान लेकर नारायणपुर चराईमारा की ओर जा रही थी। कार्रवाई के बाद संबंधित अधिकारियों को मामले में आगे की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने मंडी निरीक्षक को धान परिवहन से जुड़े मामले में प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इस कार्रवाई के बाद दूसरे राज्यों से धान लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की कोशिश करने वालों में हड़कंप मचने की संभावना है।
गौरतलब है कि धान खरीदी का सीजन शुरू होने से पहले दूसरे राज्यों से आने वाले धान पर निगरानी रखना जरूरी है, ताकि सरकारी खरीदी व्यवस्था में बाहरी धान की अवैध बिक्री को रोका जा सके। फिलहाल, पकड़े गए वाहन में धान की मात्रा और मामले में आगे की कार्रवाई से संबंधित विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

