रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी से मुलाकात की। इस दौरान भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने स्मृति ईरानी का स्वागत किया।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्मृति ईरानी के कुछ देर बाद अभनपुर रवाना होने का कार्यक्रम है। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।भाजपा कार्यालय में स्मृति ईरानी ने प्रदेश अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं के साथ फोटो भी खिंचवाई। उनके स्वागत के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।

इसके पहले एयरपोर्ट पर उनका स्वागत सादगी से किया गया। संगठन की ओर से नामित 16 पदाधिकारी और विधायक स्वागत के लिए पहुंचे। इस दौरान न तो ढोल-ताशे बजाए गए और न ही किसी मंत्री को बुलाया गया।
स्वागत के लिए प्रस्तावित भाजयुमो की बाइक रैली भी स्थगित कर दी गई। एयरपोर्ट से स्मृति ईरानी भाजपा कार्यालय पहुंची। यहां भी सादगी के साथ उनका स्वागत किया गया। वहीं स्मृति ईरानी के निर्देश पर बीजेपी कार्यालय के भीतर से पुलिस सुरक्षा हटाई गई है।स्मृति ईरानी के साथ प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी छत्तीसगढ़ पहुंचे।दोनों नेता 25 और 26 अक्टूबर को प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संगठन और जनप्रतिनिधियों के साथ कुल 12 बैठकों में शामिल होंगे।

सिर पर हाथ रखकर सेल्फी लेने से किया मना:स्मृति ईरानी के साथ एक महिला कार्यकर्ता सेल्फी लेना चाह रही थीं। इस पर स्मृति ईरानी ने प्यार से उनके सिर पर हाथ रखा और सेल्फी लेने से मना कर दिया।उधर भाजपा नेता पुलिस को समझाते नजर आए, वहीं पुलिस भी असमंजस की स्थिति में दिखी। परिसर से ज्यादातर पुलिस बल को बाहर कर दिया गया।


