तिल्दा-नेवरा। रायखेड़ा स्थित अदाणी फैक्ट्री में रविवार को शराब बिक्री को लेकर मजदूरों के बीच विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। शराब बेचने का विरोध करने को लेकर छत्तीसगढ़ और बाहर से आकर यहा काम कर रहे मजदूरों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। मामला बढ़ने पर फैक्ट्री परिसर में जमकर तोड़फोड़ की गई।
बताया जा रहा है कि शराब की बिक्री को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी थी। इसी विवाद का असर फैक्ट्री परिसर में भी दिखाई दिया और मजदूरों के बीच विवाद बढ़ गया। उपद्रव के दौरान रायखेड़ा सरपंच दिनेश वर्मा की गाड़ी में भी तोड़फोड़ किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस पहुंची तो जवानों पर भी हमला
बलवा की सूचना मिलते ही खरोरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी दौरान उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर दिया। घटना में खरोरा थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
स्थिति बिगड़ने के बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। फिलहाल पुलिस के अनुसार स्थिति नियंत्रण में है। घटना को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

