स्कूल से घर लौट रही छात्रा को रास्ते में बदमाश ने बनाया निशाना, दोनों हाथ पकड़कर कैंची से काटे बाल; घटना के डर से अगले दिन स्कूल नहीं पहुंचीं अन्य छात्राएं, ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर की सख्त कार्रवाई की मांग
बेमेतरा। बेटियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्कूल से पढ़कर घर लौट रही 10वीं की छात्रा के साथ रास्ते में ऐसी हरकत की गई, जिसने न केवल पीड़ित बच्ची बल्कि पूरे गांव को दहशत में डाल दिया। एक अज्ञात व्यक्ति ने छात्रा को चाकू दिखाकर डराया, उसके दोनों हाथ पकड़े और कैंची से उसकी चोटी काट दी। इसके बाद उसे धक्का देकर सड़क पर गिराया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद से गांव की छात्राओं में भय का माहौल है। डर के चलते अगले दिन कई बच्चियां स्कूल तक नहीं गईं।

मामला बेमेतरा जिले के थानखम्हरिया थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार उमराव नगर गांव से करीब 30 से 35 छात्र-छात्राएं रोजाना पढ़ाई के लिए कोपेडबरी स्थित शासकीय स्कूल जाते हैं। शुक्रवार को 10वीं कक्षा की एक छात्रा स्कूल से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे रोक लिया।
चाकू दिखाकर डराया, फिर काट दी चोटी
आरोपी ने पहले छात्रा को चाकू दिखाकर भयभीत किया। इसके बाद उसके दोनों हाथ पकड़कर कैंची से उसकी चोटी काट दी। इस अप्रत्याशित घटना से सहमी छात्रा को आरोपी ने धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया और वहां से भाग निकला। घर पहुंचने के बाद छात्रा ने परिजनों को आपबीती बताई, जिसके बाद परिवार और गांव में आक्रोश फैल गया।
बच्चियों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंचे और पुलिस से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि गांव की इतनी बड़ी संख्या में बच्चियां और बच्चे रोजाना स्कूल आते-जाते हैं। ऐसे में रास्ते में इस तरह की घटना होना बेहद चिंताजनक है। पीलू वर्मा ने बताया कि इस तरह की घटना पहली बार सामने आई है। घटना के बाद बच्चियों में इतना डर है कि वे स्कूल जाने से भी घबरा रही हैं।
दो दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं, जांच में जुटी पुलिस
ग्रामीणों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। एसडीओपी भूषण एक्का ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पूछताछ के आधार पर अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि स्कूल जाने वाले रास्तों पर बच्चियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन सुनिश्चित करेगा? ग्रामीणों को आरोपी की गिरफ्तारी और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाने का इंतजार है

