जे. बी. इंटरनेशनल स्कूल की ‘अनंत 2026’ विज्ञान एवं कौशल प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, रोबोटिक्स से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक नवाचारों ने अतिथियों को किया प्रभावित
तिल्दा-नेवरा। जब बच्चों की कल्पनाओं को प्रयोगशाला मिल जाए और किताबों में पढ़े गए ज्ञान को हकीकत में बदलने का अवसर मिले, तो प्रतिभा के ऐसे ही अद्भुत नजारे सामने आते हैं। कहीं रोबोट पानी की सफाई करता नजर आया तो कहीं सौर ऊर्जा से बिजली उत्पादन का आधुनिक मॉडल आकर्षण का केंद्र बना। किसी ने महिला सुरक्षा का तकनीकी समाधान प्रस्तुत किया तो किसी ने खेती, जल संरक्षण और पर्यावरण बचाने के नए तरीके समझाए। यह नजारा था तिल्दा के जे. बी. इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित विज्ञान एवं कौशल प्रदर्शनी ‘अनंत 2026 – Infinite Ideas, Endless Possibilities’ का, जहां विद्यार्थियों ने अपने ज्ञान, कल्पनाशीलता और तकनीकी सोच से भविष्य के भारत की तस्वीर पेश की।

विद्यालय परिसर में आयोजित इस भव्य प्रदर्शनी में विज्ञान, तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, गणित, भाषा, साहित्य, स्वास्थ्य, कृषि, कला और उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि प्रदर्शनी में केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी और समाज से जुड़ी समस्याओं के समाधान खोजने की कोशिश दिखाई दी। विद्यार्थियों के इन प्रयासों में विकसित भारत 2047 की परिकल्पना की स्पष्ट झलक देखने को मिली।
रोबोटिक्स से महिला सुरक्षा तक, मॉडल बने आकर्षण का केंद्र
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए कई अभिनव मॉडल अतिथियों और अभिभावकों के आकर्षण का केंद्र रहे। इनमें रिवर क्लीनिंग रोबोट, कार्बन एब्जॉर्बर, वुमेन सेफ्टी वर्किंग मॉडल, स्मार्ट वाटर एनर्जी रिकवरी मॉडल, मैग्नेटिक लेविटेटिंग ट्रेन, सोलर ट्रैकिंग पावर सिस्टम, स्मार्ट पॉल्यूशन डिटेक्शन और हाइड्रोलिक ब्रिज जैसे मॉडल ने विशेष ध्यान खींचा।

वहीं रेन रोड फ्लड रेसिस्टेंट पेवमेंट, स्मार्ट हार्टबीट डिटेक्टर, स्मार्ट कंपोस्टिंग बिन और वाटर फिल्ट्रेशन सिस्टम के माध्यम से विद्यार्थियों ने जल संरक्षण, स्वास्थ्य, पर्यावरण सुरक्षा और आधुनिक तकनीक के प्रति अपनी समझ का परिचय दिया।
इसके अलावा विद्यार्थियों ने 3D होलोग्राम, लाइट ट्रैकिंग रोबोट, ग्रेविटी पावर्ड कार, स्मार्ट टैक्स कैलकुलेटर और स्मार्ट वेयरहाउसिंग जैसे तकनीक आधारित प्रोजेक्ट भी प्रस्तुत किए। इन मॉडलों को तैयार करने के पीछे बच्चों की मेहनत, वैज्ञानिक सोच और कुछ नया करने का जुनून साफ दिखाई दिया।
एक ही परिसर में विज्ञान, कला, संस्कृति और कौशल का संगम

‘अनंत 2026’ को केवल विज्ञान प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रखा गया था। इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न थीम और गतिविधियों में विभाजित किया गया। ग्रीन एग्रीकल्चर इनोवेशन, कृषि उपकरण एवं उन्नत बीजों की जानकारी, एटीएल ड्रोन एवं रोबोटिक्स, गणित और भाषा के रोचक प्रयोग, आरोग्य स्वास्थ्य एवं पोषण, छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और अंतरिक्ष से मंगल ग्रह तक की रोमांचक यात्रा जैसी गतिविधियों ने प्रदर्शनी को विशेष स्वरूप दिया।
इसके साथ ही कौन बनेगा करोड़पति (KBC), जॉयस्टिक कॉर्नर, कौशल मेला, आर्टोपिया, बुक फेयर, विद्यार्थियों की हस्तलिखित पुस्तकें, मैजिक एंड एडवेंचर तथा आयुर्वेद एवं हर्बल प्रदर्शनी ने आयोजन में ज्ञान के साथ मनोरंजन और रचनात्मकता का भी रंग भर दिया।
विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और मेहनत ने जीता अतिथियों का दिल
प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे अतिथियों और अभिभावकों ने बच्चों की प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास की सराहना की। विद्यार्थियों ने अपने-अपने मॉडल के बारे में न केवल विस्तार से जानकारी दी, बल्कि उनके काम करने के तरीके और उपयोगिता को भी पूरे आत्मविश्वास के साथ समझाया। इतने कम उम्र में बच्चों की तकनीकी समझ और प्रस्तुति क्षमता देखकर अतिथि भी प्रभावित हुए।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नोडल अधिकारी आर.के. चंदानी, वरिष्ठ भाजपा नेता राम पंजवानी, ओमप्रकाश अग्रवाल, चेयरमैन उमेश अग्रवाल, पार्षद रानी सौरभ जैन, भाजपा नेता सौरभ जैन, वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र शर्मा तथा भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए ऐसे आयोजनों को बच्चों की प्रतिभा निखारने और उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए महत्वपूर्ण बताया।
किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर भविष्य के लिए तैयार करना हमारा उद्देश्य : प्राचार्या
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती ममता ऐरी ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से उत्कृष्ट बनाना नहीं, बल्कि उन्हें रचनात्मक, आत्मनिर्भर, संवेदनशील और भविष्य की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बनाना है। बच्चों को सीखने के लिए किताबों से आगे बढ़कर प्रयोग करने, सवाल पूछने, नई चीजें बनाने और अपनी कल्पनाओं को वास्तविकता में बदलने के अवसर मिलने चाहिए। ‘अनंत 2026’ इसी सोच का परिणाम है।
ज्ञान, कल्पना और नवाचार का उत्सव बनी ‘अनंत 2026’
जे. बी. इंटरनेशनल स्कूल की यह प्रदर्शनी इस बात का उदाहरण बनी कि यदि बच्चों को सही मार्गदर्शन और अवसर मिले तो वे अपनी छोटी-छोटी कल्पनाओं से बड़े बदलाव की नींव रख सकते हैं। विज्ञान, तकनीक, संस्कृति, कला और व्यावहारिक कौशल को एक मंच पर लाने वाला यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए सीखने का अनूठा अनुभव बना। निश्चित ही ‘अनंत 2026’ ने यह संदेश दिया कि आज के विद्यार्थी केवल भविष्य के नागरिक नहीं, बल्कि आने वाले भारत के निर्माता भी हैं।

