Homeछत्तीसगढ़नवा रायपुर में पहली बार महिला क्रिकेट का अंतरराष्ट्रीय रोमांच, 16 से...

नवा रायपुर में पहली बार महिला क्रिकेट का अंतरराष्ट्रीय रोमांच, 16 से 20 अक्टूबर तक भारत-जिम्बाब्वे के बीच तीन टी-20 मुकाबले

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर और नवा रायपुर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए अक्टूबर का महीना बेहद खास होने जा रहा है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, परसदा में भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे।

बीसीसीआई के कार्यक्रम के मुताबिक दोनों टीमों के बीच पहला टी-20 मुकाबला 16 अक्टूबर, दूसरा 18 अक्टूबर और तीसरा मुकाबला 20 अक्टूबर 2026 को होगा। तीनों मुकाबले नवा रायपुर के इसी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जाएंगे।

तीनों मैचों का निर्धारित स्थानीय समय शाम 7 बजे है। यानी लगातार तीन मुकाबलों में रायपुर की शाम अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट के रोमांच से गुलजार रहेगी।
पहली बार रायपुर में महिला टीम का अंतरराष्ट्रीय मुकाबला

इस सीरीज की सबसे बड़ी खासियत यह है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम पहली बार रायपुर में अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलेगी। वहीं जिम्बाब्वे महिला टीम का यह भारत का पहला द्विपक्षीय दौरा है। दोनों देशों के बीच पहली बार द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेली जा रही है।

प्रशासन ने तेज की तैयारियां
तीन अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं। 7 अक्टूबर को मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक में सीरीज की तैयारियों की समीक्षा की गई। सुरक्षा, यातायात, स्टेडियम व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजामों को लेकर संबंधित विभागों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके बाद वडोदरा में वनडे सीरीज

भारत-जिम्बाब्वे का दौरा केवल टी-20 तक सीमित नहीं रहेगा। तीन टी-20 मुकाबलों के बाद दोनों टीमों के बीच तीन वनडे मैच भी खेले जाएंगे। ये मुकाबले 23, 25 और 28 अक्टूबर को वडोदरा में होंगे। यानी दोनों टीमों के बीच कुल छह अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जाएंगे।

नवा रायपुर में लगातार तीन दिन के अंतराल पर होने वाले इन मुकाबलों से छत्तीसगढ़ में महिला क्रिकेट को लेकर नया उत्साह देखने को मिलने की उम्मीद है। क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें अब 16 अक्टूबर को होने वाले पहले टी-20 मुकाबले पर टिकी हैं।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments