तीन मल्टी ट्रैकिंग रेल परियोजनाओं को मिली मंजूरी, बिलासपुर-पेंड्रा रोड पर बनेगी तीसरी लाइन, कटनी-पेंड्रा रोड होगा फोर लाइन
रायपुर। छत्तीसगढ़ के रेल नेटवर्क को विस्तार और मजबूती देने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में प्रदेश से जुड़ी तीन मल्टी ट्रैकिंग रेल परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से प्रदेश में रेल यातायात की क्षमता बढ़ेगी और यात्री व माल परिवहन को बड़ी राहत मिलेगी।
मंजूर परियोजनाओं में बिलासपुर-पेंड्रा रोड रेलखंड पर तीसरी रेल लाइन का निर्माण तथा कटनी-पेंड्रा रोड रेलखंड को चार लाइन किए जाने का महत्वपूर्ण काम शामिल है। इससे इस व्यस्त रेल मार्ग पर ट्रेनों के संचालन की क्षमता बढ़ेगी और भविष्य में बढ़ते रेल यातायात को संभालना आसान होगा।
कनेक्टिविटी बढ़ेगी, विकास को मिलेगी रफ्तार
इन रेल परियोजनाओं के जरिए छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच रेल कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी। साथ ही औद्योगिक गतिविधियों, माल परिवहन और व्यापार को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। अतिरिक्त रेल लाइनों के निर्माण से ट्रेनों के आवागमन में सुगमता आएगी और रेल मार्गों पर दबाव कम होगा।
सीएम साय ने जताया आभार
केंद्र सरकार की मंजूरी पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल का आभार जताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए स्वीकृत ये रेल परियोजनाएं प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि मजबूत रेल अधोसंरचना से प्रदेश की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
केंद्र की इस मंजूरी को छत्तीसगढ़ के रेल अधोसंरचना विकास की दिशा में बड़ी सौगात माना जा रहा है।

