तिल्दा-नेवरा0ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत तिल्दा-नेवरा पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी अपने साले के साथ मिलकर गांजा के अवैध कारोबार में शामिल था और साले की गिरफ्तारी के बाद फरार हो गया था।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जलसों निवासी जागेश्वर पारधी अवैध रूप से गांजा का परिवहन कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे 1 किलो 200 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 60 हजार रुपए है, के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। मामले की विवेचना और पूछताछ में जागेश्वर ने पुलिस को बताया कि गांजा के क्रय-विक्रय और परिवहन में उसका जीजा पन्नालाल पारधी भी शामिल है। इसकी जानकारी मिलते ही पन्नालाल फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी पन्नालाल ग्राम जलसों में आया हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर पन्नालाल पारधी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साले जागेश्वर पारधी के साथ मिलकर गांजा का अवैध विक्रय एवं परिवहन करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

