रायपुर। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ भाजपा महिला मोर्चा की 84 पदाधिकारियों को उत्तर प्रदेश में पार्टी संगठन के कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये पदाधिकारी यूपी के अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर संगठन के लिए काम करेंगी।
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ महिला मोर्चा की पदाधिकारियों को काशी, कानपुर, अमेठी और रायबरेली सहित विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया गया है। यहां वे पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों, महिला संपर्क और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय से जुड़े कार्यों में भाग लेंगी।
छत्तीसगढ़ भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को भी उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक जिम्मेदारियां दी गई हैं। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। भाजपा महिला मोर्चा की ओर से 20 नवंबर को लखनऊ में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला भी आयोजित की जा रही है, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े के शामिल होने की जानकारी है।
इस पूरी कवायद के जरिए भाजपा दूसरे राज्यों के संगठनात्मक अनुभव का उपयोग करते हुए उत्तर प्रदेश में चुनावी तैयारियों को गति देने में जुटी है

