अनोखी बारात बनी आकर्षण का केंद्र, ‘राइड फॉर लव’ के जरिए दिया पर्यावरण संरक्षण और फिटनेस का संदेश
अकोला। शादी में शान दिखाने के लिए कोई महंगी गाड़ियों का काफिला सजाता है, तो कोई हाथी-घोड़ी के साथ बारात निकालता है। लेकिन महाराष्ट्र के अकोला में एक दूल्हे ने परंपरागत दिखावे से हटकर ऐसा अनोखा कदम उठाया कि देखने वाले भी हैरान रह गए। यहां दूल्हा न घोड़ी पर सवार हुआ और न ही किसी लग्जरी कार में बैठा, बल्कि साइकिल के पैडल मारते हुए अपनी बारात लेकर निकला। खास बात यह रही कि उसके साथ करीब 100 बाराती भी साइकिल पर सवार थे। इस अनूठी बारात ने शादी की खुशियों के बीच पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
दरअसल, यह अनोखी पहल पर्यावरण प्रेमी डॉ. राजेंद्र कुमार सोनोने के बेटे डॉ. विराज की शादी के उपलक्ष्य में आयोजित की गई। 21 नवंबर को होने वाले विवाह से पहले 19 नवंबर को शहर में ‘राइड फॉर लव’ नाम से साइकिल बारात निकाली गई। इसमें परिवार और रिश्तेदारों के साथ शहर के पर्यावरण प्रेमी, साइकिल के शौकीन और विभिन्न साइकिल क्लबों के सदस्य शामिल हुए।
बारात का नजारा भी बेहद आकर्षक था। फूलों से सजी साइकिल पर दूल्हा आगे-आगे चल रहा था, तो पीछे करीब 100 साइकिल सवार बाराती नजर आए। सभी की टी-शर्ट पर ‘राइड फॉर लव’ का संदेश लिखा था। अकोला के प्रमुख मार्गों से जब यह अनोखी बारात गुजरी तो लोग अपनी जगह रुककर इसे देखने लगे। कई लोगों ने मोबाइल कैमरों में इस यादगार नजारे को कैद किया।
इस आयोजन का उद्देश्य केवल शादी को यादगार बनाना नहीं, बल्कि समाज को यह संदेश देना भी था कि खुशियां मनाने के लिए दिखावे और प्रदूषण फैलाने वाले साधनों की जरूरत नहीं है। साइकिल के जरिए भी किसी खास अवसर को उत्सव का रूप दिया जा सकता है। यह पहल फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और सादगी को बढ़ावा देने की दिशा में एक अनूठा प्रयास रही।
आयोजन को देखने भाजपा नेता सुहासिनी धोत्रे भी पहुंचीं। वह अकोला के सांसद की मां हैं। उन्होंने इस पहल को करीब से देखा और इसके पीछे की पर्यावरण संरक्षण की सोच की जानकारी ली। डॉक्टर विनीत हिंगणकर सहित शहर के कई साइकिल प्रेमियों ने भी दूल्हे के साथ पैडल चलाकर इस अभियान में भागीदारी निभाई।
‘राइड फॉर लव’ ने चार महत्वपूर्ण संदेश दिए—प्यार और खुशियों का इजहार सादगी से भी किया जा सकता है, साइकिल सेहत के लिए बेहतर विकल्प है, पर्यावरण को बचाने के लिए प्रदूषण रहित साधनों को अपनाना जरूरी है और निजी समारोहों को भी सामाजिक जागरूकता का माध्यम बनाया जा सकता है।
अकोला की इस अनोखी बारात ने साबित कर दिया कि शादी यादगार बनाने के लिए लाखों रुपये खर्च करना जरूरी नहीं। कभी-कभी एक अच्छी सोच और साइकिल के कुछ पैडल ही ऐसी मिसाल कायम कर देते हैं, जिसकी चर्चा दूर तक होती है। दूल्हा साइकिल पर निकला और बारात ने समाज को एक नई राह दिखा दी।

