बालोद/गुंडरदेही। गुंडरदेही थाना क्षेत्र में 10 और 12 वर्ष की दो नाबालिग बच्चियों से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि 17 सितंबर को गांव में विश्वकर्मा पूजा और विसर्जन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान 36 वर्षीय ललित ठाकुर दोनों बच्चियों को बहला-फुसलाकर साइकिल के कैरियर पर बैठाकर करीब डेढ़ किलोमीटर दूर खेत की ओर ले गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने वहां दोनों बच्चियों के साथ दुष्कर्म किया और घटना के बारे में किसी को नहीं बताने के लिए उन्हें 50-50 रुपए दिए।
घटना के बाद बच्चियों ने अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी। परिजनों की शिकायत पर गुंडरदेही थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बच्चियों को गमछे से बांधा था। घटना के संबंध में गांव के कुछ लोगों ने भी आरोपी को बच्चियों के साथ जाते हुए देखा था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मामला
गुंडरदेही पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(2), 137(2) तथा पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। एसडीओपी श्रुति सिंह के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी ललित ठाकुर को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। उसे 19 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। वह मजदूरी करने के साथ खेती भी करता है। दोनों पीड़ित बच्चियां चौथी और छठवीं कक्षा में पढ़ती हैं।

