तिल्दा-नेवरा। नगर पालिका तिल्दा-नेवरा के बीएनबी स्कूल परिसर में विधानसभा स्तरीय ‘सेवा संकल्प शिविर’ का आयोजन किया गया। शिविर में तिल्दा ब्लॉक के विभिन्न शासकीय विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों को सामग्री, सहायता किट एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला वर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। जिला पंचायत सभापति स्वाति वर्मा,सभापति शैल महेंद्र साहू सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

शिविर का आयोजन एसडीएम तिल्दा के निर्देशन में नगर पालिका तिल्दा-नेवरा, जनपद पंचायत तिल्दा-नेवरा और तहसील तिल्दा के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने अपने-अपने स्टॉल के माध्यम से लोगों की समस्याएं सुनीं और योजनाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई।
बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीण और शहरवासी
शिविर में तिल्दा नगर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। एक ही परिसर में कई विभागों की सेवाएं और योजनाओं का लाभ मिलने से लोगों में उत्साह नजर आया। आयोजकों के अनुसार, शिविर के माध्यम से लगभग 1.38 लाख हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया।

सेवा संकल्प शिविर का उद्देश्य शासन की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के साथ पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही सहायता उपलब्ध कराना रहा। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे शिविरों से सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने में मदद मिलती है।

