पिछले 15 दिनों में तीन दर्जन से अधिक बदमाशों पर कार्रवाई, टीआई रमाकांत तिवारी की दो टूक– बदमाशी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
तिल्दा-नेवरा।
तिल्दा-नेवरा। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बिगाड़ने और कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ तिल्दा-नेवरा पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है। इसी कड़ी में पुलिस ने नेवरा के वार्ड क्रमांक 7 में विवाद और मारपीट पर उतारू दो युवकों को गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। दोनों को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना तिल्दा-नेवरा की टीम क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम नेवरा के वार्ड क्रमांक 7 में कुछ व्यक्तियों के बीच जबरन विवाद, लड़ाई-झगड़ा और मारपीट की स्थिति निर्मित होने की आशंका सामने आई। मौके पर स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया और शांति भंग होने तथा संज्ञेय अपराध घटित होने की आशंका के चलते दो व्यक्तियों लेखराम निषाद (22 वर्ष) निवासी मोहभट्टापारा,राजेश्वर निषाद उर्फ सोमू (25 वर्ष) निवासी कंडरापारा, वार्ड क्रमांक 7, नेवरा।को पुलिस अभिरक्षा में लिया।
पुलिस ने दोनों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) न्यायालय तिल्दा-नेवरा में पेश किया। न्यायालय द्वारा जेल वारंट जारी किए जाने पर दोनों को जेल निरुद्ध कर दिया गया।
तीन दर्जन से अधिक बदमाशों पर कार्रवाई
तिल्दा-नेवरा पुलिस क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चला रही है। पुलिस के अनुसार, पिछले एक पखवाड़े के दौरान तीन दर्जन से अधिक असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जा चुका है। पुलिस की इस मुहिम का उद्देश्य क्षेत्र में उपद्रव, मारपीट और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
टीआई की दो टूक चेतावनी
थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बिगाड़ने, मारपीट करने और बदमाशी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

