छीरपानी धान खरीदी केंद्र के कर्मचारियों पर मनमानी का आरोप, समिति प्रबंधक सहित जिम्मेदारों पर कार्रवाई की उठी मांग
कवर्धा। धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा और पारदर्शी व्यवस्था को लेकर शासन-प्रशासन लगातार दावे कर रहा है, लेकिन कवर्धा जिले के छीरपानी धान खरीदी केंद्र से सामने आए एक वायरल वीडियो ने इन दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो को लेकर आरोप लगाया जा रहा है कि धान बेचने पहुंचे किसानों से निर्धारित मात्रा से करीब डेढ़ से दो किलो अधिक धान तौला जा रहा है।
आरोप है कि खरीदी केंद्र में तैनात कर्मचारियों द्वारा तौल के दौरान मनमानी की जा रही है, जिससे पहले से ही खेती की लागत और मेहनत से जूझ रहे किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है और खरीदी केंद्र की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
किसानों का कहना है कि यदि प्रत्येक बोरी में निर्धारित वजन से अधिक धान लिया जा रहा है, तो बड़ी मात्रा में खरीदी होने पर किसानों को सामूहिक रूप से भारी नुकसान हो सकता है। ऐसे में इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी हो गई है।
अब किसानों और स्थानीय लोगों की मांग है कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाए, खरीदी केंद्र में तौल मशीनों और धान की बोरियों का भौतिक सत्यापन किया जाए। साथ ही यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो समिति प्रबंधक और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाए।
बड़ा सवाल यह है कि अन्नदाता की मेहनत की कमाई पर अतिरिक्त तौल का बोझ आखिर क्यों? क्या जिम्मेदार अधिकारी इस मामले को गंभीरता से लेकर किसानों को न्याय दिलाएंगे?

