रेत और गिट्टी का अवैध परिवहन करते पकड़े गए 6 हाईवा और 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली, मस्तूरी से कोनी तक अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई
बिलासपुर। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। खनिज विभाग की कार्रवाई में रेत और गिट्टी का परिवहन करते हुए कुल 10 वाहनों को जब्त किया गया है। इनमें 6 हाईवा और 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, जिले के मस्तूरी, पचपेढ़ी, कोनी और सेदरी क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध खनिज परिवहन में लगे वाहनों को पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान रेत और गिट्टी का परिवहन कर रहे वाहनों की जांच की गई और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उन्हें जब्त किया गया।
इस कार्रवाई से अवैध खनिज परिवहन में लगे वाहन संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, प्रशासन की इस कार्रवाई को खनिज के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अब सवाल यह है कि जब्त वाहनों के मालिकों पर आगे क्या कार्रवाई होती है और जिले में अवैध खनिज परिवहन पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन का अभियान कितनी सख्ती से जारी रहता है।

