दो युवकों ने गाली-गलौज कर डंडे से किया हमला, दोनों गिरफ्तार; जेल भेजे गए
तिल्दा-नेवरा-तिल्दा-नेवरा पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद असामाजिक तत्वों के हौसले कम होते नजर नहीं आ रहे हैं। सासीहोली स्थित गोपाल पेट्रोल पंप के पास डेली नीड्स दुकान संचालक से शराब पीने के लिए पैसे मांगना और इनकार करने पर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार डेली नीड्स दुकान संचालक सूरज पात्रे दुकान पर बैठा था। इसी दौरान तरुण कुमार यदु (22) और छबी निषाद (22) वहां पहुंचे और शराब पीने के लिए पैसे की मांग करने लगे। सूरज पात्रे ने पैसे देने से इनकार किया तो दोनों युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और डंडे से मारपीट कर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने तिल्दा-नेवरा थाने पहुंचकर दोनों आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मारपीट में इस्तेमाल किया गया डंडा भी जब्त किया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 119(1), 115(2), 351(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

