30 हजार रुपए का चोरी का सामान बरामद, दो अन्य साथी भी वारदात में शामिल होने की जानकारी
तिल्दा-नेवरा। तिल्दा क्षेत्र में हुई चोरी के मामले में तिल्दा-नेवरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्राम सरोरा-सांकरा मार्ग के पास निर्माणाधीन गोदाम से मशीनों और निर्माण सामग्री की चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर करीब 30 हजार रुपए कीमत का चोरी का सामान बरामद किया गया है। इस मामले में दो अन्य युवकों के भी शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी शिवकुमार निहिचलानी ग्राम सरोरा-सांकरा मार्ग के पास स्थित अपने गोदाम में निर्माण कार्य करा रहे थे। इसी दौरान 1 नवंबर 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने गोदाम को निशाना बनाया। चोर वहां से एक हैमर मशीन, एक कटर मशीन, एक रापा, एक सब्बल, करीब 30 मीटर केबल वायर और एक पनडुब्बी मशीन चोरी कर ले गए थे। घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम को बिलाड़ी जंगल में एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ मिला। पुलिस ने घेराबंदी कर उससे पूछताछ की। संदेही की पहचान वेदप्रकाश भारती उर्फ छोटू (30 वर्ष), निवासी ग्राम दुलदुला, थाना सिमगा, जिला बलौदाबाजार के रूप में हुई। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने दो अन्य साथियों आर्यन वानी और अमरबाबू वानी, निवासी रिसदा, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी ने चोरी किए गए सामान को बिलाड़ी जंगल में छिपाकर रखना भी बताया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की हैमर मशीन, कटर मशीन, रापा, सब्बल, पनडुब्बी मशीन और केबल वायर सहित करीब 30 हजार रुपए का मशरूका बरामद किया। गिरफ्तार आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर आगे की कार्रवाई जारी है।

