धमतरी कुरुद ;धमतरी जिले के कुरुद तहसील कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ACB की टीम ने एसडीएम कार्यालय की भू-अर्जन शाखा में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी पुनेश्वर सूर्यवंशी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी कर्मचारी पर जमीन की खरीदी-बिक्री से जुड़े मामले में डायवर्जन की प्रक्रिया के नाम पर 20 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायतकर्ता प्रकाश चंद्राकर ने इसकी शिकायत ACB से की थी।
शिकायत की जांच के बाद ACB ने जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता रिश्वत की पहली किश्त के तौर पर 10 हजार रुपये लेकर आरोपी के पास पहुंचा। जैसे ही पुनेश्वर सूर्यवंशी ने रकम ली, पहले से घात लगाए बैठी ACB की टीम ने उसे दबोच लिया।
आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम भी बरामद की गई है। कार्रवाई की खबर मिलते ही कुरुद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया। फिलहाल ACB की टीम आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पूरे मामले की जांच कर रही है।

