Homeछत्तीसगढ़नशे के खिलाफ बच्चों को किया जागरूक, नशामुक्त भारत के संकल्प को...

नशे के खिलाफ बच्चों को किया जागरूक, नशामुक्त भारत के संकल्प को मजबूत कर रही ‘डॉन योजना’

ससाहोली स्कूल में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन, विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के साथ साइबर अपराध, बाल विवाह और बाल मजदूरी के प्रति किया गया जागरूक

तिल्दा-नेवरा।नशा केवल एक व्यक्ति की जिंदगी बर्बाद नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को अपनी चपेट में ले लेता है। युवाओं और बच्चों को नशे के खतरे से बचाने तथा समाज में जागरूकता की अलख जगाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर के मार्गदर्शन में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला ससाहोली में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में अधिकार मित्र श्रीमती नव्या साहू ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की वर्ष 2025 की डॉन (नशामुक्त भारत के लिए नशा जागरूकता एवं कल्याण मार्गदर्शन) योजना की विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस योजना का प्रमुख उद्देश्य नशे की रोकथाम, जनजागरूकता, नशे की लत से प्रभावित व्यक्तियों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराना तथा उन्हें नशामुक्ति उपचार और पुनर्वास सेवाओं से जोड़ना है। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि तंबाकू, शराब और अन्य मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसकी शिक्षा, पारिवारिक जीवन और भविष्य पर भी गंभीर असर डालता है। नशे की लत धीरे-धीरे व्यक्ति की निर्णय लेने की क्षमता को कमजोर कर आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का कारण बन सकती है।

गलत संगति से बचें, दोस्तों को भी करें जागरूक

विद्यार्थियों को विशेष रूप से समझाया गया कि वे गलत संगति और नशे के प्रलोभन से हमेशा दूर रहें। यदि किसी मित्र में नशे की आदत दिखाई देती है तो उसे नजरअंदाज करने के बजाय शिक्षक और अभिभावकों को इसकी जानकारी दें। जरूरत पड़ने पर नशे से प्रभावित व्यक्ति को उचित उपचार और परामर्श लेने के लिए प्रेरित करें।

शिविर में यह भी बताया गया कि नशे से प्रभावित व्यक्ति ही नहीं, बल्कि उसके परिवार को भी मार्गदर्शन, परामर्श और पुनर्वास सेवाओं की आवश्यकता होती है। ऐसे जरूरतमंद लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से पात्रतानुसार निःशुल्क कानूनी सहायता भी उपलब्ध कराई जा सकती है।

बच्चों को कानूनी अधिकारों और सुरक्षा की भी दी जानकारी

नशामुक्ति के साथ विद्यार्थियों को कई महत्वपूर्ण कानूनी विषयों पर भी जागरूक किया गया। इसमें लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो), यातायात नियम, साइबर धोखाधड़ी एवं साइबर अपराध, बाल विवाह और बाल मजदूरी जैसे विषय शामिल रहे। बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और किसी भी गलत गतिविधि की स्थिति में उचित सहायता लेने के तरीकों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर और सामाजिक जिम्मेदारी निभाकर ही नशामुक्त समाज का सपना साकार किया जा सकता है।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments