कैंसर के शुरुआती लक्षणों, सरकारी योजनाओं और निःशुल्क कानूनी सहायता की दी गई जानकारी, सी.वी. रमन जयंती पर वैज्ञानिक सोच अपनाने का आह्वान
तिल्दा-नेवरा। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव और समय पर उपचार के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है। बीमारी की समय पर पहचान और नियमित स्वास्थ्य जांच न केवल उपचार को आसान बनाती है, बल्कि कई जिंदगियां बचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसी उद्देश्य से शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिल्दा-नेवरा में राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस के अवसर पर विशेष विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में अधिकार मित्र नव्या साहू ने उपस्थित लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक करते हुए बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की।
आर्थिक कमजोरी उपचार और न्याय में बाधा न बने
शिविर में केवल स्वास्थ्य जागरूकता ही नहीं, बल्कि कैंसर पीड़ितों एवं उनके परिजनों को मिलने वाली शासकीय योजनाओं, उपचार संबंधी सहायता और निःशुल्क विधिक सहायता की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जरूरतमंद लोगों को उनके अधिकारों की जानकारी देने और न्याय तक पहुंच उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस दौरान नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 तथा स्वास्थ्य विभाग की हेल्पलाइन 104 एवं 14555 की जानकारी भी दी गई। उन्होंने कहा कि आर्थिक कमजोरी किसी भी व्यक्ति के उपचार, अधिकार और न्याय प्राप्त करने में बाधा नहीं बननी चाहिए।
सी.वी. रमन जयंती पर वैज्ञानिक सोच का संदेश
7 नवंबर को महान वैज्ञानिक डॉ. सी.वी. रमन की जयंती के अवसर पर उनके वैज्ञानिक योगदान को याद करते हुए शिक्षा, ज्ञान और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के महत्व पर प्रकाश डाला गया। लोगों को अंधविश्वास से दूर रहकर तर्क, विवेक और वैज्ञानिक सोच के आधार पर जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर का उद्देश्य आमजन को केवल स्वास्थ्य और कानूनी जानकारी देना ही नहीं, बल्कि उन्हें अपने अधिकारों, स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारियों और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक बनाना भी रहा।
कार्यक्रम में बीएमओ डॉ. आशीष सिन्हा, डॉ. उमा पैकरा सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समस्त कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा।

