स्वर्गीय प्रमोद जैन को श्रद्धांजलि देकर किया स्मरण, राष्ट्रीय खेलों और राज्य चैंपियनशिप की तैयारियों पर चर्चा
तिल्दा-नेवरा। नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ की वार्षिक बैठक होटल तिल्दा बिस्ट्रो में आयोजित की गई। बैठक में स्वर्गीय प्रमोद जैन को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदान को स्मरण किया गया। संघ की अध्यक्ष मीना केरकेट्टा के निर्देशानुसार आयोजित बैठक में आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं, राज्य चैंपियनशिप, जिला इकाइयों की संबद्धता सहित संगठनात्मक एवं वित्तीय विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में नेटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष हरिओम कौशिक ने छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से पहुंचे पदाधिकारियों से ऑनलाइन संवाद किया। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों को उनके कार्यकाल तथा नेटबॉल खेल के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों के लिए बधाई दी। फेडरेशन के ऑब्जर्वर पवन पटले भी बैठक में मौजूद रहे।
पिछली एसजीएम के कार्यवृत्त की पुष्टि
बैठक में 14 जून 2026 को जांजगीर-चांपा में आयोजित विशेष आम सभा (एसजीएम) के कार्यवृत्त की पुष्टि की गई। महासचिव द्वारा प्रस्तुत वार्षिक रिपोर्ट पर विचार कर उसे स्वीकृति दी गई। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लेखा परीक्षक की नियुक्ति एवं उनके पारिश्रमिक के निर्धारण पर भी चर्चा हुई।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ की जिला इकाइयों को दी गई अस्थायी संबद्धता, आगामी राष्ट्रीय आयोजनों, मेघालय में प्रस्तावित 39वें राष्ट्रीय खेलों, आगामी राज्य चैंपियनशिप तथा वर्ष 2027-28 और 2028-29 के वार्षिक खेल कैलेंडर पर विचार-विमर्श किया गया। जिला इकाइयों के अभिलेखों एवं दस्तावेजों के व्यवस्थित रखरखाव को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देशों पर चर्चा हुई।
नियमों के पालन पर बनी सहमति
महासचिव राजेश राठौर ने संगठनात्मक नियमों एवं जिला इकाइयों की जिम्मेदारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी संबद्ध जिला इकाइयों को संघ के निर्धारित नियमों तथा चुनाव संबंधी प्रावधानों का पालन करना होगा। उन्होंने बताया कि 14 जून को जांजगीर-चांपा में आयोजित एसजीएम में भी इन विषयों पर चर्चा की गई थी। वार्षिक बैठक में विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने निर्धारित नियमों एवं शर्तों के पालन पर सहमति जताई।
बैठक में जांजगीर-चांपा, दुर्ग, धमतरी, गरियाबंद, रायपुर, राजनांदगांव, सक्ती, रायगढ़, सरगुजा, कांकेर, बस्तर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, बलौदाबाजार-भाटापारा, जशपुर, सूरजपुर, कोरबा, बेमेतरा, बिलासपुर और महासमुंद सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल हुए।
खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने पर जोर
बैठक में छत्तीसगढ़ में नेटबॉल खेल के विस्तार, जिला स्तर पर संगठन को मजबूत करने, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं के अवसर उपलब्ध कराने तथा आगामी राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं की तैयारियों पर जोर दिया गया।
अंत में अनिल सिंह ने आभार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि नेटबॉल के विकास के लिए सभी जिला इकाइयों को आपसी समन्वय और सहयोग से कार्य करना होगा। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, प्रतियोगिता के अवसर और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में संघ निरंतर प्रयास करेगा। उन्होंने आगामी राष्ट्रीय खेलों एवं राज्य स्तरीय चैंपियनशिप की तैयारियों में सभी पदाधिकारियों से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

