50 करोड़ नहीं देने पर जान से मारने की धमकी, कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ FIR
रायपुर। राजधानी रायपुर के पूर्व महापौर एजाज ढेबर को 50 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगते हुए जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एजाज ढेबर के मोबाइल पर विदेशी नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले ने कथित तौर पर खुद को बिश्नोई और अमन गैंग से जुड़ा बताया और 50 करोड़ रुपये की मांग की।
बताया जा रहा है कि रकम नहीं देने पर एजाज ढेबर को जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई। रायपुर के कोतवाली थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
पुलिस अब विदेशी नंबर से आए फोन की तकनीकी जांच के साथ आरोपी की पहचान करने में जुटी है। कॉल वास्तव में विदेश से किया गया था या किसी अन्य माध्यम से विदेशी नंबर का इस्तेमाल किया गया, इसकी भी जांच की जा सकती है। साथ ही पुलिस इस बात की भी पड़ताल करेगी कि धमकी देने वाले का वास्तव में किसी गैंग से संबंध है या उसने डर पैदा करने के लिए गैंग का नाम इस्तेमाल किया।

