ऑपरेशन थिएटर… जहां आमतौर पर डर, तनाव और खामोशी होती है।लेकिन छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में इस खामोशी को एक लोक गायिका की सुरीली आवाज ने संगीत में बदल दिया।डौंडीलोहारा ब्लॉक के सिकोसा निवासी प्रसिद्ध लोक गायिका हेमलता पटेल जब प्रसव के लिए उम्मीद अस्पताल पहुंचीं और डिलीवरी के लिए ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया, तो उन्होंने दर्द और तनाव को कम करने के लिए वहीं अपनी सुरीली आवाज में भरथरी गीत छेड़ दिया—

हेमलता ने ‘पहली मैं सुमिरन गणेश ल, विघ्न-बाधा के हरइया हे…’ पंक्तियां गाईं। इसका अर्थ है- सर्वप्रथम मैं गणेश की वंदना करती हूं, वे संकटों को हरने वाले हैं। आमतौर पर डिलीवरी के दौरान महिलाएं दर्द और तनाव में रहती हैं, लेकिन हेमलता पटेल के इस वीडियो की लोग तारीफ कर रहे हैं।
हेमलता पटेल की रहने वाली प्रसिद्ध भरथरी लोकगायिका हैं। सोमवार (17 अगस्त) को उनकी डिलीवरी होनी थी। उन्हें ग्राम ऑपरेशन से पहले एनेस्थीसिया देने के बाद डॉक्टर प्रदीप साहू और उनकी टीम प्रक्रिया में जुट गई। इसी दौरान हेमलता ने मुस्कुराते हुए भरथरी गीत गाना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में उनकी आवाज पूरे ऑपरेशन थिएटर में गूंजने लगी। इसका वीडियो भी सामने आया है।
ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर प्रदीप साहू ने बताया कि ऑपरेशन थिएटर में ऐसे मौके कम ही आते हैं, जब कोई मरीज डर और तनाव के माहौल को खुशनुमा बना दे। हेमलता ने जिस सहजता और सकारात्मक सोच के साथ गीत गाया, वह उनके लिए भी अलग अनुभव रहा। मेडिकल टीम अपना काम करती रही और हेमलता ऑपरेशन के दौरान भरथरी गीत गाती रहीं।
सोमवार रात करीब 11 बजे सीजेरियन डिलीवरी के जरिए हेमलता ने लड़के को जन्म दिया। डिलीवरी सफल रही। फिलहाल जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं। ऑपरेशन के दौरान गीत गाने का यह पल अस्पताल के मेडिकल स्टाफ के लिए भी यादगार बन गया।
हेमलता पटेल क्षेत्र में भरथरी और पंडवानी गायिका के रूप में जानी जाती हैं। लोकगायन में उनकी अलग पहचान है। उनके गीतों के वीडियो सोशल मीडिया पर भी अक्सर वायरल होते रहते हैं।ऑपरेशन थिएटर में भरथरी गीत गाने का वीडियो सामने आने के बाद लोग हेमलता के आत्मविश्वास और लोककला के प्रति उनके लगाव की तारीफ कर रहे हैं। दर्द और तनाव के बीच भी सहज रहकर अपनी कला से जुड़े रहने का उनका अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

