तिल्दा-नेवरा-युवाओं और बच्चों में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, अनुशासन तथा व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जेसीआई तिल्दा-नेवरा द्वारा ‘बदलाव – परिवर्तन की शुरुआत स्वयं से’ विषय पर युवा जागरूकता एवं व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य राजेश चंदानी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने, अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रशिक्षक जेसी डॉ. अरिजीत गोस्वामी ने बच्चों को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचने, समय के महत्व को समझने और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रभावी संवाद, एकाग्रता, समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच, मन को समझने, डिजिटल माध्यमों के जिम्मेदार उपयोग तथा आर्थिक जिम्मेदारियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर उपयोगी मार्गदर्शन दिया।
प्रशिक्षक ने विभिन्न रोचक गतिविधियों और उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि जीवन में बड़ा बदलाव लाने के लिए हमेशा बड़े कदम उठाने की जरूरत नहीं होती, बल्कि छोटी-छोटी अच्छी आदतों और सकारात्मक सोच से भी व्यक्तित्व में महत्वपूर्ण परिवर्तन लाया जा सकता है।
मुख्य अतिथि राजेश चंदानी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में अनुशासन, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति, सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति समर्पण सफलता की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को सही मार्गदर्शन और आत्मविश्वास मिले तो वे भविष्य में जिम्मेदार और सफल नागरिक बन सकते हैं।
कार्यक्रम में जेसीआई तिल्दा-नेवरा के अध्यक्ष जेसी सूरज पंजवानी सहित संस्था की पूरी टीम की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम की सफलता में जेसीआई रायपुर मेट्रो के सदस्यों का भी विशेष सहयोग रहा। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया और प्रशिक्षण के दौरान मिली सीख को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों को प्रेरक संदेश दिया गया कि समाज में सकारात्मक बदलाव की शुरुआत दूसरों से नहीं, बल्कि अपने विचारों, व्यवहार और आदतों में सुधार से होती है। ‘बदलाव की शुरुआत स्वयं से’ के संदेश के साथ आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण जगाने वाला साबित हुआ

