तिल्दा नेवरा
तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के विकास से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण मांगों को लेकर भाजपा युवा नेता आर्थिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक दीपक शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री निवास रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का राजकीय गमछा एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मान किया।
मुख्यमंत्री साय ने करीब 30 मिनट तक प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा करते हुए विभिन्न मांगों को विषयवार सुना। उन्होंने कई मुद्दों पर विस्तार से जानकारी ली और संबंधित दस्तावेजों एवं प्रस्तावों को भी देखा। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और विकास की जरूरतों का विस्तृत ब्यौरा मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
रिंग रोड और फोरलेन की मांग प्रमुख
प्रतिनिधिमंडल ने तिल्दा-नेवरा रिंग रोड/बाईपास निर्माण को प्रमुखता से उठाया। साथ ही राज्यमार्ग क्रमांक-20 सिमगा-तिल्दा-नेवरा-खरोरा-आरंग मार्ग को भारत सरकार से फोरलेन अथवा बाईपास सड़क के रूप में स्वीकृत कराने की मांग रखी गई। बताया गया कि यह मार्ग क्षेत्र को कई प्रमुख राजमार्गों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है।
दीपक शर्मा ने मुख्यमंत्री के समक्ष सड़क का मानचित्र और प्रस्तावित मार्ग की जानकारी भी रखी। मुख्यमंत्री ने पूरे मामले को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों से आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही।
तिल्दा-नेवरा स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने तिल्दा-नेवरा रेलवे स्टेशन पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के स्टेशनों से प्रारंभ और समाप्त होने वाली ट्रेनों का ठहराव देने की मांग भी रखी। इसका उद्देश्य बेमेतरा और कबीरधाम जैसे रेल सुविधा से वंचित जिला मुख्यालयों के यात्रियों को तिल्दा-नेवरा स्टेशन से बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराना बताया गया।इसके अलावा गाड़ी संख्या 18247/18248 बिलासपुर-रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस का दुर्ग तक विस्तार अथवा दुर्ग से रीवा के लिए नई ट्रेन शुरू करने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई।
बिजली विभाग का संभागीय कार्यालय खोलने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने तिल्दा-नेवरा में विद्युत मंडल का संभागीय कार्यालय स्थापित करने की मांग भी मुख्यमंत्री के सामने रखी। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि क्षेत्र के बढ़ते विस्तार और विद्युत संबंधी कार्यों को देखते हुए संभागीय कार्यालय की स्थापना से आम लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा रखी गई सभी मांगों को विस्तार से सुनते हुए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान भाजपा नेता दीपक शर्मा के साथ भाजपा तिल्दा-नेवरा ग्रामीण मंडल महामंत्री एवं अधिवक्ता दिनेश गायकवाड, भाजपा शहर उपाध्यक्ष सौरभ जैन, प्रेस क्लब तिल्दा-नेवरा के कार्यकारी अध्यक्ष दिलीप वर्मा और उद्योगपति केदार शर्मा उपस्थित रहे।

