22 कंपनियों की खाद मिली, गोदाम संचालक के खिलाफ एफआईआर; अमानाका थाना क्षेत्र का मामला
रायपुर। कृषि विभाग ने राजधानी रायपुर में खाद के भंडारण को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय अमले ने टाटीबंध स्थित स्टेट ट्रांसपोर्ट गोदाम में दबिश देकर अलग-अलग कंपनियों की बड़ी मात्रा में खाद जब्त की है। कार्रवाई के दौरान गोदाम में करीब 531 क्विंटल खाद रखी मिली, जो लगभग 22 अलग-अलग कंपनियों की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार कृषि विभाग की टीम ने गोदाम में पहुंचकर खाद के भंडारण और उससे संबंधित दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में खाद पाए जाने पर विभाग ने उसे जब्त कर लिया। कार्रवाई के बाद गोदाम संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
कृषि विभाग की इस कार्रवाई से खाद के अवैध भंडारण और नियमों के उल्लंघन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। विभागीय टीम द्वारा जब्त खाद और उससे संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच के बाद पूरे मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मामला अमानाका थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। कृषि विभाग की अचानक हुई इस कार्रवाई से खाद के कारोबार से जुड़े लोगों में भी हड़कंप मच गया है।

