अदाणी फाउंडेशन समर्थित मयूर क्लब के खिलाड़ियों ने वॉलीबॉल चयन में लहराया परचम, विभिन्न आयु वर्गों में संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए बनाई जगह
तिल्दा नेवरा -ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं को यदि बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर मिलें तो वे बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकती हैं। इसका शानदार उदाहरण अदाणी फाउंडेशन के सहयोग से संचालित मयूर क्लब, खम्हारिया के खिलाड़ियों ने पेश किया है। क्लब के 14 खिलाड़ियों का चयन विभिन्न आयु वर्गों की संभाग स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से गांव, अभिभावकों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
हाल ही में आयोजित वॉलीबॉल चयन प्रतियोगिता में मयूर क्लब के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। 17 वर्ष बालिका वर्ग में रुचिका, युक्ति, रेशमी और नेहा ने चयन हासिल किया। वहीं 19 वर्ष बालिका वर्ग में वसुंधरा और पायल ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए संभाग स्तर पर जगह बनाई।
बालक वर्ग में भी मयूर क्लब का दबदबा रहा। 14 वर्ष बालक वर्ग में भीमा, लक्की पाल और लोकेश वर्मा का चयन हुआ। वहीं 17 वर्ष बालक वर्ग में जितेश वर्मा, अनुराग वर्मा, लोकेश पाल और विक्रम पाल ने संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का किया।
चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतर खेल कौशल के साथ अनुशासन, टीम भावना और खेल के प्रति समर्पण का प्रदर्शन किया। ग्रामीण क्षेत्र के इन खिलाड़ियों का संभाग स्तर तक पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि नियमित अभ्यास और सही मार्गदर्शन मिलने पर गांवों की प्रतिभाएं भी बड़े खेल मंचों पर अपनी पहचान बना सकती हैं।
खेल प्रतिभाओं को मिल रहा बेहतर मंच
अदाणी फाउंडेशन द्वारा मयूर क्लब के माध्यम से क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को नियमित खेल प्रशिक्षण, खेल सामग्री, प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर और अनुभवी प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।
मयूर क्लब के प्रशिक्षकों के अनुसार चयनित खिलाड़ी लंबे समय से नियमित अभ्यास कर रहे हैं। खिलाड़ियों की मेहनत और निरंतर अभ्यास का परिणाम अब संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में चयन के रूप में सामने आया है। प्रशिक्षकों ने उम्मीद जताई कि ये खिलाड़ी आने वाले समय में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
ग्रामीण युवाओं के लिए बनी प्रेरणा
मयूर क्लब के 14 खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने क्षेत्र के अन्य बच्चों और युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है। अभिभावकों, ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को पहचान और अवसर देने की दिशा में अदाणी फाउंडेशन की यह पहल अब सकारात्मक परिणाम दे रही है। मयूर क्लब के खिलाड़ियों की संभाग स्तर तक पहुंच ग्रामीण अंचल में छिपी प्रतिभाओं के लिए उम्मीद और नई प्रेरणा बनकर सामने आई है।

