Homeछत्तीसगढ़दुर्ग जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में रील बनाना पड़ा भारी,...

दुर्ग जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में रील बनाना पड़ा भारी, टेक्नीशियंस को नोटिस

दुर्ग। जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में ड्यूटी के दौरान कुछ महिला टेक्नीशियंस द्वारा रील बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। लैब के अंदर ब्लड सैंपल और जांच से जुड़ी गतिविधियों के बीच रील बनाए जाने को लेकर सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।

लैब प्रभारी को नोटिस, मांगा जवाब
मामले में अटल आरोग्य लैब के प्रभारी जेपी मेश्राम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। विभाग यह पता लगा रहा है कि वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बनाया गया था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि रील बनाने के दौरान लैब के नियमित कामकाज पर कोई असर पड़ा या नहीं।

रील बनाने वाली महिला टेक्नीशियन को नोटिस दिया गया है।

सैंपल और जांच की गतिविधियां भी वीडियो में
वायरल वीडियो में लैब के भीतर सैंपल और जांच से जुड़ी गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग यह भी जांच कर रहा है कि वीडियो में मरीजों के सैंपल अथवा उनकी जांच से संबंधित कोई संवेदनशील जानकारी तो नजर नहीं आ रही थी। लैब के किस हिस्से में वीडियो बनाया गया, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।

134 तरह की जांच होती हैं मुफ्त

अटल आरोग्य लैब जिला अस्पताल की जांच व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां इलाज के लिए आने वाले मरीजों के सैंपल लेकर जांच की जाती है। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक लैब में करीब 134 तरह की जांच मुफ्त की जाती हैं। इसका संचालन एचएलएल कंपनी के जरिए किया जा रहा है।

पहले HIV रिपोर्ट को लेकर भी हुआ था विवाद

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इसी लैब की जांच रिपोर्ट को लेकर विवाद सामने आया था। जिला अस्पताल में भर्ती 24 वर्षीय युवक की HIV जांच रिपोर्ट पहले पॉजिटिव आई थी। युवक ने रिपोर्ट पर सवाल उठाए, जिसके बाद दोबारा जांच कराई गई। दूसरी जांच में रिपोर्ट निगेटिव आई थी।

इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने लैब से पूरी जानकारी मांगी थी। जांच में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की जांच कराने और उनका सही तरीके से कैलिब्रेशन कराने के निर्देश भी दिए गए थे।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने कहा कि लैब अथवा कार्यस्थल पर इस तरह वीडियो बनाना ड्यूटी के प्रति लापरवाही है। मामला सामने आते ही जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी .

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments