Homeछत्तीसगढ़वर्दी की गरिमा पर सियासी संग्राम: मंत्री के पैर छूने वाले जवान...

वर्दी की गरिमा पर सियासी संग्राम: मंत्री के पैर छूने वाले जवान का VIDEO वायरल, भूपेश ने उठाए सवाल

भूपेश बघेल बोले- अशोक चिह्न धारण करने वाले जवान ने वर्दी की मर्यादा तोड़ी, मंत्री को मंत्रिमंडल से हटाने और जवान को बर्खास्त करने की मांग; गजेंद्र यादव बोले- मैंने खुद जवान को पैर छूने से रोका था

दुर्ग। पुलिस की वर्दी केवल एक पोशाक नहीं, बल्कि संविधान, कानून और जनता के प्रति जवाबदेही का प्रतीक है। इसी वर्दी की मर्यादा को लेकर छत्तीसगढ़ में नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। दुर्ग में दीपावली के दौरान एक पुलिस कॉन्स्टेबल द्वारा वर्दी पहने हुए स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के पैर छूने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस घटना पर कड़ी आपत्ति जताते हुए मंत्री को मंत्रिमंडल से हटाने और संबंधित जवान को बर्खास्त करने की मांग की है।

मामला उस समय का है, जब दीपावली के अवसर पर मंत्री गजेंद्र यादव यातायात व्यवस्था संभाल रहे पुलिस जवानों को उपहार बांटने पहुंचे थे। इस दौरान वहां मौजूद कुछ जवानों ने मंत्री को सैल्यूट किया, लेकिन एक जवान ने वर्दी में ही आगे बढ़कर उनके पैर छू लिए। इसी घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद वर्दी की गरिमा और पुलिस की संस्थागत मर्यादा को लेकर बहस शुरू हो गई।

भूपेश बघेल ने उठाया संवैधानिक मर्यादा का सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि पुलिस जवान का वर्दी में किसी मंत्री के पैर छूना उचित नहीं है। मंत्री ने संविधान की शपथ ली है और उन्हें पद की गरिमा तथा संवैधानिक मर्यादाओं का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने मांग की कि सबसे पहले मंत्री गजेंद्र यादव को मंत्रिमंडल से बाहर किया जाए और पैर छूने वाले जवान को नौकरी से बर्खास्त किया जाए।

भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि आज ईडी, आईटी, सीबीआई और पुलिस जैसी संस्थाएं सरकार के सामने नतमस्तक दिखाई दे रही हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की अपनी अलग पहचान और प्रतिष्ठा है। वर्दी पर अशोक चिह्न धारण करने वाला जवान जब किसी राजनीतिक पद पर बैठे व्यक्ति के सामने इस तरह झुकता है, तो इससे पुलिस की संस्थागत गरिमा पर सवाल खड़े होते हैं।

पूर्व पुलिस अधिकारी आरके विज ने भी जताई आपत्ति

इस मामले में छत्तीसगढ़ के पूर्व विशेष पुलिस महानिदेशक आरके विज ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि वर्दीधारी अधिकारियों को सार्वजनिक स्थानों पर किसी के भी पैर नहीं छूने चाहिए। उनकी टिप्पणी के बाद यह विवाद केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पुलिस की पेशेवर मर्यादा और अनुशासन को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई।

मंत्री गजेंद्र यादव की सफाई- जवान मेरे गांव का था

विवाद बढ़ने के बाद स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि दीपावली के अवसर पर वे ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों को उपहार दे रहे थे। कुछ जवानों ने उन्हें सैल्यूट किया। इसी दौरान एक जवान ने उनके पैर छू लिए।

मंत्री के मुताबिक, वह जवान पहले से उनका परिचित नहीं था। पैर छूने के बाद उसने बताया कि वह उनके गांव का रहने वाला है और उनके भाई के साथ काम कर चुका है। उसने पारिवारिक आत्मीयता जताते हुए उन्हें भैया कहकर संबोधित किया।

मंत्री ने कहा कि उन्होंने जवान को ऐसा करने से मना किया था और उसे रोकने के लिए अपना पैर भी पीछे खींचा। उन्होंने इस सामान्य आत्मीयता के घटनाक्रम को राजनीतिक विवाद का रूप दिए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

भूपेश बघेल की बर्खास्तगी और मंत्रिमंडल से हटाने की मांग पर मंत्री ने कहा कि यह उनकी सोच और मानसिकता है, इस पर वे कुछ नहीं कह सकते।

अब सवाल यह है कि क्या वर्दी में व्यक्तिगत आत्मीयता का प्रदर्शन उचित है, या फिर पुलिस की वर्दी से जुड़ी अनुशासनात्मक मर्यादा सर्वोपरि होनी चाहिए? इस घटना ने एक बार फिर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक तंत्र के बीच संवैधानिक मर्यादा की बहस को सामने ला दिया है।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments