मंत्री केदार कश्यप ने किया 28 करोड़ से अधिक के 12 विकास कार्यों का भूमिपूजन
किसानों ने धान की बालियाँ भेंटकर जताया आभार
नक्सलवाद की काली छाया हटने के बाद बस्तर में विकास की रफ्तार तेज
रायपुर/कोण्डागांव/नारायणपुर,
प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता तथा संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप ने बस्तर संभाग में विकास को नई गति देने के उद्देश्य से मंगलवार 24 नवंबर को नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र में आने वाले कोण्डागांव व बस्तर जिला के ग्रामों में 28 करोड़ रुपये से अधिक के 12 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इसमें कोण्डागांव जिला अंतर्गत 10 करोड़ 31 लाख रुपये से अधिक की लागत के 10 विभिन्न विकास कार्य एवं बस्तर जिला के अंतर्गत 16 करोड़ 80 लाख से अधिक के दो विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली और पानी से जुड़े विकास कार्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। आज का भूमिपूजन केवल निर्माण कार्यों की शुरुआत नहीं, बल्कि गांव-गांव तक सड़क, पुल, शिक्षा और रोशनी पहुंचाने के संकल्प को दोहराने का अवसर है। क्षेत्र में भूमिपूजन कार्यक्रमों के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

कैबिनेट मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मूलमंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के अनुरूप राज्य सरकार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य प्रत्येक क्षेत्र का संतुलित विकास करना और हर नागरिक तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के प्रभाव के कारण बस्तर के अनेक क्षेत्र लंबे समय तक बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। माओवादी आतंकवाद की काली छाया हटने के बाद बस्तर में विकास की रफ्तार तेज हुई है। अब बस्तर के कोने-कोने में विकास के माध्यम से विकसित और उज्ज्वल छत्तीसगढ़ की नींव रखी जा रही है।
मंत्री श्री कश्यप ने नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कोण्डागांव जिले में 10 करोड़ 31 लाख रुपये से अधिक की लागत के 10 विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। वहीं, बस्तर जिला के नवा रतेंगा परिपातपारा से बड़े बदरेंगा तक साढ़े पांच किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण पांच करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किया जा रहा है। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र का संपर्क बेहतर होगा, ग्रामीणों को बाजार तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी तथा आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम बनेगा। इसके साथ ही छोटे आमाबाल में भानपुरी-मुण्डागांव-नारायणपाल मार्ग पर नारंगी नदी में 10 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से उच्चस्तरीय पुल का निर्माण किया जाएगा। इस पुल के बन जाने से बरसात के दिनों में भी आवागमन की समस्या दूर होगी और आसपास के कई गांव आपस में जुड़ सकेंगे।
जमीन पर बैठकर लोगों से की बातचीत :
कैबिनेट मंत्री श्री केदार कश्यप बस्तर में विकास कार्यों के भूमिपूजन के दौरान निरंतर जनता से संवाद करते नजर आए। बुजुर्गों से बात करने के लिए मंत्री श्री कश्यप जमीन पर भी उनके साथ बैठ गए। इस दौरान मंत्री श्री कश्यप ने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी ली और उनसे मिलने वाले लाभ की जमीनी हकीकत को जाना।

किसान हितैषी निर्णयों पर जताया आभार :
इस दौरान ग्राम बड़े आमाबाल में किसानों ने कैबिनेट मंत्री श्री केदार कश्यप से मुलाकात कर राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में लिए गए निर्णयों के प्रति खुशी और आभार व्यक्त किया। किसानों ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदी तथा 13 हजार 879 रुपये प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता राशि प्रदान किए जाने से किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा। इन निर्णयों से किसानों की मेहनत को सम्मान मिला है और खेती-किसानी को मजबूती मिली है। किसानों ने मंत्री श्री केदार कश्यप को धान की बालियाँ भेंटकर किसान हित में लिए गए निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार का आभार जताया। धान की बालियाँ भेंट करना किसानों की ओर से अपनी खुशी, विश्वास और कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रतीक रहा। कैबिनेट मंत्री श्री केदार कश्यप ने किसानों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों की मेहनत का उचित सम्मान करना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने, किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
युवाओं का भाजपा प्रवेश :
कैबिनेट मंत्री श्री केदार कश्यप के समक्ष मंगलवार, 24 नवंबर को कोण्डागांव जिले के ग्राम हड़ेली में बड़ी संख्या में युवाओं ने भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा, नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यों से प्रभावित होकर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर युवाओं ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों तथा मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं और विकास गतिविधियों के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया।
मंत्री श्री केदार कश्यप ने पार्टी में शामिल होने वाले सभी युवाओं का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि युवाओं का भारतीय जनता पार्टी से जुड़ना पार्टी की विचारधारा और विकासोन्मुखी कार्यों के प्रति बढ़ते विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र और समाज की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। उनकी ऊर्जा, संकल्प और सक्रिय भागीदारी से समाज में सकारात्मक परिवर्तन आता है। भाजपा युवाओं को राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के कार्यों में आगे बढ़ने के लिए निरंतर अवसर प्रदान करती है। उन्होंने नवप्रवेशी युवाओं से संगठन की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा क्षेत्र के विकास एवं जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

