बिलासपुर: शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस की तत्परता और सीसीटीवी कैमरों की मदद से एक व्यापारी को उसके गुम हुए करीब तीन लाख रुपये वापस मिल गए. पुराना हाईकोर्ट से व्यापार विहार जाते समय एक्टिवा से गिरा रुपयों से भरा बैग पुलिस ने तलाश कर सुरक्षित वापस कराया. इस पूरे मामले में ऑटो चालक की ईमानदारी भी सामने आई, जिसने सड़क पर मिले बैग को अपने पास सुरक्षित रखा था.
सिटी कोतवाली सीएसपी तिलेश्वर प्रसाद यादव ने पूरे घटना के बारे में बताया. पुराना हाईकोर्ट के पीछे निवासी नरेंद्र छुगानी व्यापार विहार व तिफरा मंडी में दीपक आलू भंडार के नाम से दुकान संचालित करते हैं. 23 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे वह अपनी स्कूटी से दुकान जाने के लिए निकले. इसी दौरान टिकरापारा मामा-भांजा तालाब के पास उनकी गाड़ी में रखा रुपयों से भरा बैग सड़क पर गिर गया. बैग में करीब 3 लाख रुपये नकद रखे हुए थे. जब उन्होंने देखा कि गाड़ी में रखा बैग नहीं है तो वो घबरा गए और करीब 11 बजे सिटी कोतवाली पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई.
सिटी कोतवाली सीएसपी ने आगे बताया मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक तोप सिंह नवरंग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की. पुलिस ने आईटीएमएस बिल्डिंग सहित शहर के विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले.
फुटेज में एक व्यक्ति बैग उठाकर ऑटो चालक को देते दिखाई दिया. ऑटो नंबर के आधार पर पुलिस ने आरटीओ से जानकारी जुटाकर चालक की पहचान की गई. पूछताछ में चालक ने बैग मिलने की बात स्वीकार की और उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया. इसके बाद पुलिस ने व्यापारी को बुलाकर तीन लाख रुपये से भरा बैग सही-सलामत सुपुर्द किया

