Homeछत्तीसगढ़कोरबा में झाड़ियों से निकला मौत बनकर हाथी, ट्रैक्टर को सूंड से...

कोरबा में झाड़ियों से निकला मौत बनकर हाथी, ट्रैक्टर को सूंड से उठाकर पटका, पैरों से कुचलकर किया चकनाचूर

11 हाथियों के झुंड को जंगल की ओर खदेड़ने पहुंचे थे ग्रामीण, अचानक सामने आया गजराज तो जान बचाकर भागे लोग, घटना का वीडियो वायरल

कोरबा। छत्तीसगढ़ में हाथियों का आतंक एक बार फिर देखने को मिला है। कोरबा जिले में हाथियों के झुंड को जंगल की ओर खदेड़ने पहुंचे ग्रामीणों की जान उस वक्त आफत में पड़ गई, जब झाड़ियों के बीच से अचानक एक गुस्सैल हाथी निकलकर सामने आ गया। हाथी को अपनी ओर बढ़ता देख ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए ट्रैक्टर छोड़कर इधर-उधर भागे। इसके बाद हाथी ने ट्रैक्टर पर अपना गुस्सा उतारते हुए सूंड से उसे उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

हाथी ने युवक को सूंड और पैरों से कुचलने की कोशश की।

मामला कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा गांव का है। जानकारी के मुताबिक, धरमजयगढ़ वन क्षेत्र की सीमा पार कर 11 हाथियों का झुंड जिल्गा के जंगल में पहुंचा था। हाथियों के गांव की ओर आने और खेतों में लगी धान की फसल को नुकसान पहुंचाने की आशंका के चलते ग्रामीण उन्हें वापस जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिश कर रहे थे।

ट्रैक्टर की आवाज सुनकर अचानक सामने आया हाथी

सोमवार सुबह कुछ ग्रामीण सुखनंदन सिंह राठिया के ट्रैक्टर में सवार होकर जंगल पहुंचे थे। उनका इरादा ट्रैक्टर की आवाज से हाथियों को डराकर जंगल की ओर भगाने का था, लेकिन उनकी यह कोशिश उस वक्त खतरनाक साबित हो गई, जब झाड़ियों में छिपा एक हाथी अचानक बाहर निकला और सीधे ट्रैक्टर की ओर दौड़ पड़ा। हाथी का आक्रामक रुख देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। सभी ट्रैक्टर छोड़कर अपनी जान बचाने के लिए अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले

हाथी के हमले में ट्रैक्टर बुरी तरह डैमेज हो गया है।

ग्रामीणों के हटते ही हाथी ने ट्रैक्टर को निशाना बनाया। उसने अपनी सूंड से ट्रैक्टर को उठाकर जोरदार तरीके से पटका और फिर पैरों से कुचलना शुरू कर दिया। देखते ही देखते ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी ग्रामीण के हताहत होने की खबर नहीं है।

दूसरे ट्रैक्टर से खींचकर गांव लाया गया वाहन

घटना के बाद ग्रामीण गांव पहुंचे और ट्रैक्टर मालिक को पूरे मामले की जानकारी दी। बाद में ग्रामीण दूसरे किसान का ट्रैक्टर लेकर घटनास्थल पहुंचे और क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर को खींचकर गांव लाया गया। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने मोबाइल से हाथी द्वारा ट्रैक्टर को तोड़े जाने का वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कुदमुरा और करतला क्षेत्र में भी हाथियों की मौजूदगी

घटना की जानकारी और वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग की टीम सक्रिय हुई। देर शाम टीम जिल्गा के जंगल पहुंची। बताया जा रहा है कि जिल्गा के अलावा कुदमुरा के जंगल में भी एक हाथी विचरण कर रहा है, जबकि करतला वन परिक्षेत्र में छह हाथियों का झुंड मौजूद है। वन विभाग की टीमें हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं।

वन विभाग की ग्रामीणों से अपील

वन विभाग ने ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी है कि हाथियों की मौजूदगी वाले जंगलों में जाने से बचें। हाथियों को खुद भगाने, शोर मचाकर डराने या उनके नजदीक जाने की कोशिश बिल्कुल न करें। हाथियों के साथ ऐसी नजदीकी जानलेवा साबित हो सकती है। विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और हाथियों की सूचना तत्काल वन अमले को देने की अपील की है

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments