Homeछत्तीसगढ़शांति भंग करने की आशंका पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सांकरा के...

शांति भंग करने की आशंका पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सांकरा के 7 युवक गिरफ्तार; एसडीएम के आदेश पर जेल भेजे गए

तिल्दा-नेवरा पुलिस की पेट्रोलिंग के दौरान पकड़े गए युवक, विवाद और मारपीट की आशंका के चलते की गई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

तिल्दा-नेवरा।क्षेत्र में शांति व्यवस्था बिगाड़ने और आपसी विवाद को लेकर मारपीट पर उतारू होने वालों के खिलाफ तिल्दा-नेवरा पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने ग्राम सांकरा में संभावित विवाद और अशांति की स्थिति को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए सात युवकों को गिरफ्तार किया। सभी को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए थाना प्रभारी द्वारा पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर पेट्रोलिंग के लिए रवाना की गई थीं। इसी दौरान ग्राम सांकरा में कुछ व्यक्तियों के बीच जबरन वाद-विवाद, लड़ाई-झगड़े और मारपीट पर उतारू होने की स्थिति सामने आई। इससे क्षेत्र की शांति भंग होने और संज्ञेय अपराध घटित होने की आशंका थी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल हस्तक्षेप कर सात व्यक्तियों को अभिरक्षा में लिया। इनमें दीपक निषाद (19), प्रदीप निषाद (21), राज निषाद (20), दयाराम यादव (22), घनश्याम यदु (22), महेश यदु (25) और धनराज यदु (23) शामिल हैं। सभी ग्राम सांकरा, थाना तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के निवासी हैं।

एसडीएम न्यायालय के आदेश पर जेल दाखिल

पुलिस ने सभी सात व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) न्यायालय तिल्दा-नेवरा के समक्ष पेश किया। न्यायालय द्वारा जेल वारंट जारी किए जाने के बाद सभी को जेल निरुद्ध कर दिया गया।

शांति भंग करने वालों को पुलिस की चेतावनी

तिल्दा-नेवरा पुलिस ने आम नागरिकों से क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कोई भी व्यक्ति वाद-विवाद, लड़ाई-झगड़े अथवा असामाजिक गतिविधियों में शामिल न हो। कानून व्यवस्था बिगाड़ने और शांति भंग करने की आशंका पैदा करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments