तिल्दा नेवरा। समाज में शिक्षा, साहित्य और अध्ययन की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चल रही स्मृति पुस्तकालय योजना के तहत रानी सौरभ जैन ने एक सराहनीय पहल करते हुए जिला प्रशासन रायपुर को विभिन्न विषयों पर आधारित ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी पुस्तकें भेंट कीं। कलेक्टर कार्यालय स्थित रेडक्रॉस भवन में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह की उपस्थिति में पुस्तकों का संग्रह जिला प्रशासन को सौंपा गया।
इस अवसर पर जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रानी सौरभ जैन के साथ सौरभ जैन, उपाध्यक्ष भाजपा तिल्दा-नेवरा शहर मंडल भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

पुस्तकें भेंट करने के दौरान रानी सौरभ जैन ने कहा कि पुस्तकें मनुष्य की सबसे अच्छी मार्गदर्शक होती हैं। वे केवल जानकारी ही नहीं देतीं, बल्कि व्यक्ति की सोच, विचार और व्यक्तित्व को भी नई दिशा प्रदान करती हैं। नियमित अध्ययन से ज्ञान का विस्तार होने के साथ-साथ आत्मविश्वास, रचनात्मकता और निर्णय लेने की क्षमता भी विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि आज डिजिटल युग में युवाओं और विद्यार्थियों का रुझान मोबाइल एवं इंटरनेट की ओर तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे समय में पुस्तकों के प्रति रुचि बनाए रखना और नई पीढ़ी को अध्ययन की परंपरा से जोड़ना बेहद जरूरी है। पुस्तकालय ऐसे ज्ञान केंद्र हैं, जहां हर वर्ग के व्यक्ति को अपनी जानकारी और समझ बढ़ाने का अवसर मिलता है।
रानी सौरभ जैन ने कहा कि स्मृति पुस्तकालय योजना जैसी पहल समाज में ज्ञान और शिक्षा का वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। पुस्तकें उपलब्ध कराना महज एक सहयोग नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और आने वाली पीढ़ी के भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में किया गया सार्थक निवेश है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी पुस्तकालयों के विकास और शिक्षा के प्रसार में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह एवं उपस्थित अधिकारियों के साथ शिक्षा, साहित्य और सामाजिक सहभागिता से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
जैन दम्पति की इस पहल को पुस्तकालयों को समृद्ध बनाने और युवाओं में पठन-पाठन की रुचि विकसित करने की दिशा में सामाजिक सहभागिता के रूप में देखा जा रहा है। निश्चित रूप से ऐसी पहल से पुस्तकों तक विद्यार्थियों की पहुंच बढ़ाने और समाज में ज्ञान आधारित वातावरण तैयार करने में मदद मिल सकती है।

