रायपुर: रायपुर पुलिस अमले में एक बड़ी विभागीय कार्रवाई हुई है, जिसको लेकर हड़कंप मच गया है. रायपुर में 25 करोड़ रुपए की कथित रंगदारी मांगने के मामले में यह एक्शन लिया गया है. पुलिस की गोपनीय रणनीति लीक होने पर इंस्पेक्टर विनीत दुबे को सस्पेंड कर दिया गया है. इस कदम से विभाग के भीतर सूचना तंत्र पर भी कई गंभीर सवाल खड़े कर दिये है.
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के मध्य जोन अंतर्गत तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध से जुड़ा मामला है. अपराध क्रमांक 403/ 2026 के तहत तेलीबांधा थाने में मामला दर्ज किया गया था. आरोप है कि पूर्व महापौर एजाज ढेबर के भतीजे शोएब ढेबर ने कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई थी. मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने शोएब ढेबर को पकड़ने के लिए कई जगहों पर रेड की कार्रवाई की. लेकिन रेड की कार्रवाई के पहले ही आरोपी को पुलिस की गतिविधि की भनक लग गई. खमारडीह इलाके में पुलिस ने पहुंचने के पहले ही आरोपी वहां से निकल गया. इसके बाद विभाग के अंदर से ही सूचना लीक होने की आशंका जताई गई.
यह सूचना लीक होने के बाद गोपनीय स्तर पर जांच शुरू की गई. जांच के दौरान इंस्पेक्टर विनीत दुबे की भूमिका संदिग्ध पाई गई. रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉक्टर संजीव शुक्ला ने इस संबंध में एक प्रतिवेदन भेजा. इसी रिपोर्ट के आधार पर बस्तर रेंज के आईजी बद्रीनारायण मीणा ने निलंबन आदेश जारी किया है.
निलंबन की अवधि में इंस्पेक्टर विनीत दुबे का मुख्यालय बदल दिया गया है. अब उनका मुख्यालय रक्षित केंद्र नारायणपुर तय किया गया है. उन्हें बिना वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं.
रंगदारी मामले में पुलिस विभाग की यह पहली बड़ी कार्रवाई नहीं है, इसके पहले एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम में पदस्थ 2 आरक्षकों पर भी गाज गिर चुकी है. जिसमें आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम हैं, जिन्हें पहले ही निलंबित कर दिया गया है. अब इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी पर कार्रवाई होने से यह मामला और भी गंभीर हो गया है.

