Homeछत्तीसगढ़अदाणी पावर के विस्तार पर जनसुनवाई, 90 फीसदी ने जताई सहमति

अदाणी पावर के विस्तार पर जनसुनवाई, 90 फीसदी ने जताई सहमति

1600 मेगावाट क्षमता बढ़ाने की योजना पर ग्रामीणों ने रखे विचार, रोजगार और विकास की उम्मीदों के बीच कुछ ने किया विरोध

 तिल्दा-नेवरा।तिल्दा ब्लॉक के ग्राम रायखेड़ा स्थित अदाणी पावर लिमिटेड के प्रस्तावित 1600 मेगावाट क्षमता विस्तार को लेकर बुधवार को ग्राम ताराशिव के शासकीय मैदान में पर्यावरणीय जनसुनवाई आयोजित की गई। करीब ढाई घंटे चली इस जनसुनवाई में सैकड़ों ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। कंपनी के क्षमता विस्तार को लेकर जहां अधिकांश लोगों ने समर्थन जताया, वहीं कुछ ग्रामीणों ने विरोध भी दर्ज कराया। कंपनी के अनुसार, जनसुनवाई में शामिल करीब 90 प्रतिशत लोगों ने परियोजना के पक्ष में अपनी सहमति दी। ग्रामीणों ने रोजगार, स्वरोजगार और क्षेत्र के विकास को लेकर उम्मीदें जताईं।

छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल की ओर से आयोजित जनसुनवाई में अतिरिक्त कलेक्टर यूएस बांधे पीठासीन अधिकारी के रूप में मौजूद रहे। क्षेत्रीय अधिकारी पीके रबड़े सहित एसडीएम मुकेश कोठारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंचल तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र चतुर्वेदी तथा तहसीलदार रामप्रसाद बघेल और सृजन सोनकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कंपनी की ओर से पर्यावरण विभाग प्रमुख आरएन शुक्ला ने प्रस्तावित परियोजना और क्षमता विस्तार की जानकारी दी।

जनसुनवाई में रायखेड़ा, गैत्रा, सोनतरा सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने अपनी बात रखी। लोगों ने क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की मांग रखी। पीठासीन अधिकारी ने ग्रामीणों के सुझावों और आपत्तियों को गंभीरता से सुना।

रोजगार और विकास को लेकर जताई उम्मीद

जनसुनवाई में कई जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने परियोजना के समर्थन में अपनी बात रखी। पूर्व जनपद अध्यक्ष देव्रत नायक ने कहा कि संयंत्र के विस्तार से क्षेत्र में विकास के नए अवसर पैदा होंगे तथा हजारों लोगों को रोजगार और स्वरोजगार मिलने की संभावना है। वहीं ग्राम रायखेड़ा की पूनम वर्मा ने गांवों में सड़क, सोलर लाइट और शिक्षा के क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए परियोजना का समर्थन किया। सोनतरा की एकता साहू ने पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और आजीविका से जुड़े कार्यों को क्षेत्र के लिए लाभकारी बताया।

रायखेड़ा के सरपंच दिनेश वर्मा, गैत्रा के सरपंच प्रतिनिधि शेखर चंद्रवंशी, ताराशिव के सरपंच मनीष वर्मा, सोनतरा के सरपंच समीर वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी समर्थन व्यक्त किया।

15 वर्षों से संचालित है संयंत्र

उल्लेखनीय है कि रायखेड़ा स्थित अदाणी पावर प्लांट में वर्तमान में 685 मेगावाट क्षमता की दो इकाइयां, कुल 1370 मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता के साथ संचालित हैं। कंपनी अब 800-800 मेगावाट की दो नई इकाइयां स्थापित कर क्षमता में 1600 मेगावाट की वृद्धि करना चाहती है। कंपनी के अनुसार, अदाणी फाउंडेशन के माध्यम से आसपास के 14 से अधिक गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं।

जनसुनवाई के समापन पर कंपनी के मुख्य व्यवसाय अधिकारी रामायण पेड्डेना ने ग्रामीणों और प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि कंपनी क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखेगी।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments