Homeछत्तीसगढ़रसूखदारों की दीवारें खड़ी रहीं, गरीबों की 7 गुमटियों पर चला बुलडोजर

रसूखदारों की दीवारें खड़ी रहीं, गरीबों की 7 गुमटियों पर चला बुलडोजर

तीन दिन पहले तहसीलदार ने कहा था—रसूख कितना भी हो, अवैध कब्जा हटेगा; कार्रवाई के बाद उठे भेदभाव के सवाल

तिल्दा नेवरा अग्रसेन चौक के सामने करोड़ों रुपये की बेशकीमती जमीन पर कथित अतिक्रमण को लेकर तीन दिन पहले प्रकाशित खबर के बाद प्रशासन की कार्रवाई का मामला अब सवालों के घेरे में आ गया है। शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर पहुंचा, लेकिन कार्रवाई उस स्थान पर हुई जहां छोटी-छोटी गुमटियां और ठेले लगाकर लोग अपना रोजगार चला रहे थे। प्रशासन ने करीब 7 गुमटियों को हटाया। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार बघेल स्वयं मौके पर मौजूद रहे।

दरअसल, अग्रसेन चौक के सामने कथित रूप से रसूखदार लोगों द्वारा करोड़ों रुपये कीमत की जमीन पर छुट्टियों का फायदा उठाकर बड़ी-बड़ी दीवारें खड़ी किए जाने की खबर को प्राथमिकता से प्रकाशित किया गया था। खबर सामने आने के बाद तहसीलदार बघेल छुट्टी के बावजूद अमले के साथ मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने बताया था कि मामले की शिकायत उच्च स्तर पर हुई है और अवैध कब्जे को जल्द हटाया जाएगा। तहसीलदार RP बघेल  ने यह भी कहा था कि अतिक्रमण करने वाला व्यक्ति कितना भी रसूखदार क्यों न हो, अवैध कब्जे पर कार्रवाई की जाएगी।

इसके बाद शुक्रवार को जब प्रशासन का बुलडोजर निकला तो लोगों को उम्मीद थी कि अग्रसेन चौक के सामने खड़ी की गई कथित अवैध दीवारों पर कार्रवाई होगी। लेकिन बुलडोजर उन गुमटियों तक पहुंच गया, जहां छोटे दुकानदार अपना रोजगार कर रहे थे। देखते ही देखते सात गुमटियों को हटा दिया गया।
सोशल मीडिया पर उठे तीखे सवाल

कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं दीं। लोगों का सवाल था कि यदि कार्रवाई अतिक्रमण के खिलाफ है तो बड़े और छोटे अतिक्रमणकारियों के लिए अलग-अलग मापदंड क्यों दिखाई दे रहे हैं? लोगों ने अधिकारियों से यह भी सवाल किया कि तीन दिन पहले जिस कथित रसूखदार अतिक्रमण को हटाने की बात कही गई थी, वहां अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

वहीं, गुमटी संचालकों को लेकर स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि उन्होंने लंबे समय से वहां दुकानें लगा रखी थीं। कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि गुमटियां लगाने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को कथित रूप से पैसे दिए गए थे। हालांकि इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

तहसीलदार बोले—बड़े कब्जों पर भी होगी कार्रवाई

मामले को लेकर जब अखबार से जुड़े संवाददाताओं ने तहसीलदार बघेल से पूछा कि गरीबों की गुमटियों पर कार्रवाई पहले क्यों की गई और कथित रसूखदारों के कब्जे पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई, तो उन्होंने कहा कि “उन पर भी कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को जिन लोगो को बेदखल किया गया इन लोगों को तीन दिन पहले नोटिस दिया गया था, इसी आधार पर कार्रवाई की गई है।”अब सवाल यह है कि प्रशासन द्वारा कथित बड़े कब्जे पर कार्रवाई कब की जाती है। फिलहाल सात गुमटियां हटाए जाने के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर निष्पक्षता और समान कार्रवाई के सवाल खड़े हो गए हैं।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments