Homeछत्तीसगढ़प्रेम प्रसंग में पति की हत्या! पत्नी के प्रेमी ने कुल्हाड़ी से...

प्रेम प्रसंग में पति की हत्या! पत्नी के प्रेमी ने कुल्हाड़ी से वार कर उतारा मौत के घाट, शव को पोल से बांधकर तालाब में फेंका

तिल्दा-नेवरा। शादीशुदा महिला से प्रेम संबंध और पति को रास्ते से हटाने की साजिश का एक सनसनीखेज मामला तिल्दा थाना क्षेत्र के ग्राम बेवता से सामने आया है। यहां एक युवक की हत्या कर उसके शव को गांव के तालाब में फेंक दिया गया। पुलिस ने मामले में संदेह के आधार पर महिला के प्रेमी बताए जा रहे युवक राजू यादव को गिरफ्तार किया है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक मामले का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बेवता के मंजनी तालाब में रविवार सुबह एक युवक का शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। शव की पहचान गांव के निवासी पुरुषोत्तम पाल के रूप में हुई। शव खेत में लगाए जाने वाले लोहे के पोल से बंधा हुआ था। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

बताया जाता है कि पुरुषोत्तम के पिता धनेश पाल भेड़ चराने का काम करते हैं। वे किसानों के खेतों में भेड़ चराने का ठेका लेते थे। उनके बेटे पुरुषोत्तम के साथ मंडला क्षेत्र का रहने वाला राजू यादव भी काम करता था। इसी दौरान राजू का पुरुषोत्तम की पत्नी के साथ प्रेम प्रसंग शुरू होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस संबंध को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। करीब दो महीने पहले पुरुषोत्तम की पत्नी उसे छोड़कर मायके में रहने चली गई थी।

भेड़ चराने निकला, फिर घर नहीं लौटा

जानकारी के मुताबिक शनिवार को पुरुषोत्तम रोज की तरह भेड़ चराने के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसके बाद एआई की मदद से पोस्टर तैयार कर सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर उसके लापता होने की सूचना भी साझा की गई। लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया।

रविवार सुबह तालाब में शव मिलने की खबर से ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। शव बाहर निकाले जाने पर उसकी पहचान पुरुषोत्तम के रूप में हुई।

कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या, फिर पोल से बांधकर तालाब में फेंका

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस की जांच में राजू यादव पर संदेह गहराया। बताया जा रहा है कि पूछताछ में उसने पुरुषोत्तम की पत्नी के साथ प्रेम संबंध होने और पुरुषोत्तम को उनके रास्ते का रोड़ा मानने की बात स्वीकार की है। आरोप है कि शनिवार को उसने पुरुषोत्तम पर कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को घसीटते हुए लखन चक्रधारी के ईंट भट्ठे के पास ले गया। वहां खेत में लगे पोल को निकालकर शव से बांधा और उसे मंजनी तालाब में फेंक दिया, ताकि शव पानी के अंदर ही रहे और किसी को पता न चल सके। हालांकि सुबह शव पानी के ऊपर दिखाई देने के बाद पूरा मामला सामने आ गया।

पुलिस ने आरोपी राजू यादव को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।

क्या पत्नी की भी थी हत्या की साजिश में भूमिका?

इस सनसनीखेज हत्याकांड में अब एक बड़ा सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या पुरुषोत्तम की पत्नी को इस कथित साजिश की जानकारी थी या उसकी भी इसमें कोई भूमिका थी? फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments