तिल्दा-नेवरा
तिल्दा-नेवरा भारतीय जनता पार्टी तिल्दा-नेवरा द्वारा गुरुवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाई गई। शहर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के शहर अध्यक्ष सहित करीब आधा दर्जन कार्यकर्ता ही नजर आए। कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और फोटो खिंचवाने के बाद कार्यक्रम संपन्न हो गया। हालांकि, कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं की कम संख्या शहर में चर्चा का विषय बनी रही।
कार्यक्रम के बाद जारी विज्ञप्ति में भाजपा नेताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन को राष्ट्रसेवा, त्याग और समर्पण का प्रेरणास्रोत बताया। नेताओं ने कहा कि एकात्म मानववाद और अंत्योदय की अवधारणा के माध्यम से उन्होंने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के कल्याण को प्राथमिकता देने का संदेश दिया। उनके विचार आज भी सामाजिक और राष्ट्रहित के कार्यों के लिए प्रेरणा देते हैं।
भाजपा नेता राम पंजवानी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया। उनका अंत्योदय का विचार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण पहुंचाने की प्रेरणा देता है। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए सभी वर्गों के हित में कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद रानी सौरभ जैन ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय ने भारतीय विचारधारा को मजबूत आधार देने का काम किया। उनका जीवन सादगी, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और समाजहित में कार्य करना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में भाजपा शहर उपाध्यक्ष सौरभ जैन, विधायक प्रतिनिधि डॉ. एलपी साहू, गोपाल साहू, सुरेश लखवानी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में अपेक्षाकृत कम संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी को लेकर शहर में दिनभर चर्चा होती रही।

