तिल्दा-नेवरा। शक्ति की आराधना के पर्व नवरात्रि से पहले तिल्दा-नेवरा क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था सवालों के घेरे में है। शहर की कई सड़कों और प्रमुख स्थानों पर जगह-जगह कचरा पसरा नजर आ रहा है। कचरे के ढेर से उठती बदबू के कारण आसपास रहने वाले लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकानदारों के साथ-साथ कई घरों से निकलने वाला कचरा भी सड़कों और खाली जगहों पर फेंक दिया जाता है। इससे धीरे-धीरे इन स्थानों पर कचरे का ढेर लग जाता है। आरोप है कि नगर पालिका द्वारा खुले में कचरा फेंकने वालों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण समस्या लगातार बनी हुई है।
नवरात्रि के दौरान शहर में बड़ी संख्या में लोग मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर पहुंचेंगे। ऐसे में पर्व से पहले सड़कों पर फैला कचरा और गंदगी शहर की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका से नियमित सफाई कराने के साथ खुले में कचरा फेंकने वालों पर कार्रवाई की मांग की है।

